हॉलीवुड के पूर्व चाइल्ड एक्टर Christian Cousins का 43 वर्ष की आयु में निधन
लिवर की बीमारी से जूझ रहे थे अभिनेता
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में जोनास रोसर ने लिखा कि क्रिश्चियन लिवर की बीमारी के कारण काफी समय से अस्वस्थ थे। उन्होंने अपने भाई को याद करते हुए लिखा कि उन्हें इस बात से थोड़ी सांत्वना मिल रही है कि अब क्रिश्चियन उस शारीरिक कष्ट और दर्द से मुक्त हो गए हैं, जिसे वे पिछले काफी समय से झेल रहे थे। जोनास ने क्रिश्चियन की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उन्हें अपना भाई बताया और कहा कि उनकी कमी हमेशा खलेगी। जोनास ने अपने पोस्ट में पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए बताया कि क्रिश्चियन और उनके जुड़वां भाई जोसेफ कजिन्स उनके पिता की तरफ से भाई थे। जोनास के अनुसार, वे अलग-अलग स्थानों पर पले-बढ़े थे और कॉलेज के दिनों में ही उनकी मुलाकात हो पाई थी।
‘किंडरगार्टन कॉप’ से मिली थी वैश्विक पहचान
क्रिश्चियन कजिन्स और उनके जुड़वां भाई जोसेफ कजिन्स का जन्म 17 मार्च 1983 को कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी में हुआ था। दोनों भाइयों ने कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत लोकप्रिय टीवी शो ‘नॉट्स लैंडिंग’ (Knots Landing) से की थी। हालांकि, उन्हें सबसे बड़ी पहचान साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने डोमिनिक पाल्मिएरी का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म की सफलता ने उन्हें हॉलीवुड में एक पहचान दिलाई थी। क्रिश्चियन के निधन पर उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
