छोटे बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना कितना आसान हो सकता है, इसकी एक बेहतरीन मिसाल हरियाणा के यमुनानगर से सामने आई है. यहाँ ‘ली डैफोडिल्स प्लेस्कूल’ (Le Daffodils Playschool) की एक टीचर ने बेहद अनोखे और आसान तरीके से एक छोटी बच्ची को ‘गुड टच’ (अच्छा स्पर्श) और ‘बैड टच’ (बुरा स्पर्श) का फर्क समझाया. इंस्टाग्राम पर इस वीडियो के शेयर होते ही यह इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया और अब तक इसे 1 करोड़ से भी ज्यादा (10.4 मिलियन) लोग देख चुके हैं.
कागज के हाथों और बोर्ड से दिया डेमो
वायरल वीडियो में एक छोटी सी बच्ची अपने दोनों हाथों में दो बोर्ड (Placards) पकड़े खड़ी नजर आ रही है. एक बोर्ड पर ‘Good Touch’ और दूसरे पर ‘Bad Touch’ लिखा है. टीचर बच्चे को डराने या जटिल बातें समझाने के बजाय खेल-खेल में सिखाती है. टीचर ने लकड़ी की तीली पर बने कागज के नकली हाथों (Paper hands) का इस्तेमाल किया. जब टीचर कागज के हाथ से बच्ची के सिर, हाथ या गाल को छूती है, तो बच्ची ‘गुड टच’ वाला बोर्ड आगे कर देती है. वहीं जब छाती या संवेदनशील हिस्से पर हाथ लगाया जाता है, तो बच्ची तुरंत समझकर ‘बैड टच’ वाला बोर्ड दिखा देती है.
मुश्किल बात को खेल-खेल में समझा दिया
जिस विषय पर अक्सर लोग बच्चों से बात करने में हिचकिचाते हैं, उसे इस स्कूल ने इतने आसान विजुअल (देखकर समझने वाले) तरीके से सिखाया कि इतनी छोटी बच्ची भी झट से अपने शरीर की सीमाओं (Personal Boundaries) को समझ गई. टीचर ने बच्चे को यह भी सिखाया कि अगर कोई गलत तरीके से छुए तो तुरंत आपत्ति जताएं और अपने माता-पिता या टीचर को बताएं.
यह भी पढ़ें: स्कूटी के टकराते ही ट्रक के आगे लटक गई दीदी, जान बचाने का स्टाइल वायरल
यूजर्स ने की स्कूल प्रशासन की तारीफ
सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़, लोग बोले- “हर स्कूल में होना चाहिए ऐसा सबक” इस वीडियो को देखकर लोग स्कूल और टीचर के इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा… “बच्चों की सुरक्षा के लिए यह सबसे बेहतरीन पहल है, हर प्लेस्कूल में छोटे बच्चों को ऐसे ही सिखाना चाहिए.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया… “इतनी आसान भाषा में सिखाया गया है कि कोई भी बच्चा एक बार में समझ जाए, इस टीचर को सलाम है.” वहीं एक अन्य यूजर ने कहा…”माता-पिता को घर पर भी बच्चों को इसी तरीके से समझाना चाहिए ताकि वे सही और गलत का फर्क वक्त रहते सीख सकें.”
यह भी पढ़ें: पीठ पर मासूम और हाथों में जिम्मेदारी, मां के जज्बे ने जीता यूजर्स का दिल