नई दिल्ली:
हॉलीवुड की सबसे बड़ी कार-एक्शन फ्रैंचाइजी अब ओटीटी पर आने की तैयारी में है. ओटीटी प्लेटफॉर्म पीकॉक ने ‘फास्ट एंड फ्यूरियस (Fast & Furious)’ पर आधारित स्क्रिप्टेड टेलीविजन सीरीज को आधिकारिक तौर पर हरी झंडी दे दी है. इस वेब सीरीज को 2028 में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है. दिलचस्प बात यह है कि फ्रैंचाइजी की अगली और फाइनल फिल्म ‘फास्ट फॉरएवर’ भी इसी साल 17 मार्च 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस तरह ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ के फैन्स को एक ही साल में अपना फेवरिट मसाला सिनेमाघरों और टीवी, दोनों ही जगह देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं ओटीटी पर सीरीज को रिलीज करने की क्या तैयारी है.
‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ के एक्टर ने दी थी खबर
मई 2026 में न्यूयॉर्क के एनबीसी यूनिवर्सल अपफ्रंट में फ्रैंचाइजी के चेहरे विन डीजल ने खुद मंच से ऐलान किया था कि पीकॉक ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ यूनिवर्स के चार प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है. उन्हीं में से एक को अब सीरीज में तब्दील किया जा रहा है. बाकी तीन प्रोजेक्ट अभी डेवलपमेंट में हैं. विन डीजल एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं. उनके साथ वन रेस के सैम विंसेंट, ओरिजिनल फिल्म के नील एच. मोरिट्ज और पवन शेट्टी, तथा जेफ किर्शेनबाम और क्रिस मॉर्गन भी प्रोड्यूसर टीम में हैं.
‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ का ग्लोबल कलेक्शन
कहानी का प्लॉट अभी तक रिवील नहीं किया गया है. डीजल पहले ही कह चुके हैं कि पिछले दशक से फैंस इन किरदारों की और कहानियां चाहते थे, और टेलीविजन पर आने का सही समय अब आया है. उन्होंने डोना लैंग्ली के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा था कि किरदारों की ईमानदारी, अंतरराष्ट्रीय अपील और परिवार जैसा एहसास टीवी पर भी कायम रहेगा.
फ्रैंचाइजी पिछले करीब 25 साल में ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 7 अरब डॉलर (672,843,283,000) से ज्यादा कमा चुकी है. 2001 की पहली फिल्म स्ट्रीट रेसिंग से शुरू हुई थी. बाद में यह जासूसी, परिवार और विशाल एक्शन का ब्रांड बन गई. पॉल वॉकर की याद और डीजल का डोमिनिक टोरेटो आज भी फैंस की पहली पसंद है. इस सीरीज की 10 फिल्में आ चुकी हैं और 11वीं की तैयारी है.