नई दिल्ली:
4600 करोड़ की फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे 18 दिसंबर 2026 को रिलीज होने जा रही है. इसी फिल्म की भूमिका बांधने के लिए एवेंजर्स एंडगेम को एवेंजर्स एंडगेम एनकोर के नाम से रिलीज किया गया है. जिसमें कुछ एक्स्ट्रा सीन भी ऐड किए गए हैं. भारत के मार्वल फैंस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे दुनियाभर में एमसीयू के सबसे बड़े फैन्स में शामिल हैं. ‘एवेंजर्स एंडगेम एनकोर की रिलीज के साथ भारतीय दर्शकों ने सिनेमाघरों का रुख किया. रूसो ब्रदर्स की ब्लॉकबस्टर फिल्म एवेंजर्स एंडगेम की दोबारा रिलीज एवेंजर्स एंडगेम एनकोर ने एवेंजर्स डूम्सडे के लिए मंच तैयार किया और फैंस एक बार फिर इस रोमांच को बड़े पर्दे पर अनुभव करने के लिए सिनेमाघरों में उमड़ पड़े.
बॉक्स ऑफिस मोजो के अनुसार, मार्वल स्टूडियोज की एवेंजर्स एंडगेम एनकोर ने दुनियाभर में अपने ओपनिंग वीकेंड में अनुमानित 86 मिलियन डॉलर की कमाई की. फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर नंबर 1 स्थान हासिल किया है और किसी थिएट्रिकल री-रिलीज के लिए दूसरी सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ओपनिंग दर्ज की है. फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका से 26 मिलियन डॉलर और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से 60 मिलियन डॉलर की कमाई की.
‘एवेंजर्स एंडगेम एनकोर के लिए भारत दुनियाभर का पांचवां सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा. भारत ने ओपनिंग वीकेंड के ग्रॉस कलेक्शन में अनुमानित 2.8 मिलियन डॉलर (लगभग 25 करोड़) का योगदान दिया. भारत से आगे अमेरिका (26 मिलियन डॉलर), चीन (13.5 मिलियन डॉलर), यूनाइटेड किंगडम (5.4 मिलियन डॉलर) और मैक्सिको (4.3 मिलियन डॉलर) रहे.
मुंबई और दिल्ली-एनसीआर से लेकर बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई तक, फैंस के पास एक बार फिर इस फिल्म के यादगार पलों को बड़े पर्दे पर अनुभव करने का मौका है. चाहे वह कैप्टन अमेरिका का आइकॉनिक ‘एवेंजर्स, असेम्बल’ हो या आयरन मैन का भावुक और अंतिम बलिदान, इन पलों ने एक बार फिर दर्शकों को रोमांचित कर दिया है.
मार्वल स्टूडियोज की एवेंजर्स एंडगेम एनकोर भारत के सिनेमाघरों में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हुई है. फिल्म आईमैक्स और मार्वल स्टूडियोज प्रेजेंट्स इनफिनिटी विजन में भी उपलब्ध है. यह प्रीमियम लार्ज फॉर्मेट (पीएलएफ) स्क्रीन के लिए एक नई सर्टिफिकेशन है, जो दर्शकों को इस महाकाव्य रोमांच का और भी शानदार व इमर्सिव अनुभव प्रदान करती है.
इसमें कुछ एक्स्ट्रा सीन भी शामिल किए गए हैं, जो ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ से जुड़ते हैं. ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. जिसका बजट 4600 करोड़ रुपये है.