सुक्रांत, जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का बवाल खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक के बाद एक कई अलग-अलग फेक वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से एक दिन पहले लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुए बवाल को लेकर इंटरनेट मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया। इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारी के रूप में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान डीएसपी मेजर सिंह के तौर पर बताई जा रही है।

घटना में अमित शाह के भतीजे का नाम

वायरल वीडियो में अधिकारी अमित शाह के भतीजे को एलपीयू में हुए हंगामे का जिम्मेदार बताते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम के पीछे उसी का हाथ है।

क्या असली है ये वीडियो?

वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार यह वीडियो एआइ से तैयार किया गया फर्जी वीडियो बताया जा रहा है। सामने आया है कि डीएसपी मेजर सिंह की ओर से ऐसा कोई वीडियो जारी नहीं किया गया है। वीडियो में आवाज और चेहरे के साथ तकनीकी छेड़छाड़ किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

 

फेक खबरों से पटा इंटरनेट

एलपीयू में हुए बवाल के बाद पुलिस पहले ही इंटरनेट मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर लोगों को चेतावनी दे चुकी है। ऐसे में पुलिस अब इस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किसने तैयार किया, इसे सबसे पहले किस अकाउंट से प्रसारित किया गया और इसे वायरल करने के पीछे क्या उद्देश्य था। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी वीडियो या संदेश को आगे प्रसारित न करें।