उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लाटभैरव मंदिर में महिला डांसर्स के परफॉर्मेंस के दौरान पुलिसकर्मियों के न केवल मंच पर चढ़कर महिला डांसर को घूरने, बल्कि नाचते वक्त उनका वीडियो पुलिसकर्मियों के बनाने का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. लेकिन इस मामले में नया मोड़ आ गया है. वाराणसी पुलिस हरकत में आई और इसका संज्ञान लिया. पुलिस ने इस वीडियो को AI जनरेटेड और पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला बताया. पुलिस ने AI वीडियो बनाने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है.
वायरल हो रहा है AI वीडियो- डीसीपी
वाराणसी के काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि लाटभैरव के परंपरागत 2 दिन पुराने कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में भारी संख्या में पुलिसबल को मंच पर तैनात दिखाया गया है, जो पूर्णतः AI जेनरेटेड वीडियो है.
पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश- डीसीपी
डीसीपी ने बताया कि इस वीडियो को पुलिस की छवि धूमिल करने के मकसद से प्रसारित किया जा रहा है. इसके खिलाफ संबंधित आदमपुर थाने में अभियोग भी पंजीकृत किया जा चुका है और इस प्रकार का जो कोई भी भ्रामक प्रचार प्रसार करेगा. उसके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पब्लिक के मोबाइल में नहीं दिखी पुलिस- डीसीपी
पुलिसकर्मियों के द्वारा मंच से वीडियो बनाए जाने और महिला डांसर्स को लगातार देखे जाने के सवाल पर उन्होंने बताया कि इस मामले से संबंधित तमाम वीडियो को देखा गया है. जिसमें पब्लिक अपने मोबाइल से जो वीडियो बना रही है उसको जूम करके भी देखा गया, लेकिन पब्लिक के मोबाइल में कहीं से भी पुलिस नहीं दिखाई पड़ रही है. इसलिए इस AI जेनरेटेड वीडियो का संज्ञान लिया गया है. इसमें अभियोग पंजीकृत भी किया जा चुका है और तफ्तीश भी की जा रही है और जिनके द्वारा यूपी पुलिस के खिलाफ दुष्प्रचार किया जाएगा, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें:
