नई दिल्ली: सलमान खान होस्टेड रियलिटी शो बिग बॉस 20 इन दिनों दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है. शो में दिन पर दिन ड्रामा और एंटरटेनमेंट बढ़ता ही जा रहा है. घर के अंदर एक तरफ जहां कंटेस्टेंट्स के बीच गहरी दोस्ती देखने को मिल रही है, वहीं टास्क जीतने के लिए तगड़ा कॉम्पिटिशन भी चल रहा है. हाल ही में हुआ वीकेंड का वार काफी धमाकेदार रहा, जिसे फैंस शो के इतिहास का सबसे बेस्ट एपिसोड बता रहे हैं.
इस हफ्ते घर से एक कंटेस्टेंट एलिमिनेट हो चुका है, लेकिन असली ट्विस्ट तो अब आने वाला है. घर के नए कैप्टन कुशल तंवर यानी गुल्लू को एक ऐसी स्पेशल पावर मिली है, जिससे वह पूरा गेम पलट सकते हैं.
गुल्लू को मिली दो कंटेस्टेंट्स को बचाने की पावर
वीकेंड का वार खत्म होने के बाद मेकर्स ने बिग बॉस 20 का नया प्रोमो रिलीज किया है. इस प्रोमो में दिखाया गया है कि बिग बॉस घर के कैप्टन कुशल तंवर को एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी देते हैं. बिग बॉस बताते हैं कि जो सदस्य खेल में अपनी एक एक लाइफ लाइन खो चुके हैं, गुल्लू उनमें से दो लोगों को उनकी खोई हुई लाइफ लाइन वापस लौटा सकते हैं. आपको बता दें कि अपनी लाइफ लाइन गंवाने वाले सदस्यों में उदिति सिंह, कनिका मान, यंग, आसिफ खान और रीति तिवारी का नाम शामिल है. अब गुल्लू के फैसले पर इन सबकी किस्मत टिकी हुई है.
पहली बार खुलेगा 2X रूम का सीक्रेट दरवाजा
प्रोमो में बिग बॉस घर के सभी सदस्यों के सामने एक बड़ा ऐलान करते हैं. बिग बॉस कहते हैं कि आज पहली बार 2X रूम वाला दरवाजा खुलने जा रहा है और इसका पूरा हक घर के कैप्टन गुल्लू के पास है. बिग बॉस बोलते हैं कि आप सिर्फ उन्हीं दो सदस्यों को जीवनदान दे सकते हैं जिन्होंने अपनी एक एक लाइफ खो दी है. इसके लिए बिग बॉस गुल्लू को चार अलग अलग ऑप्शन देते हैं और कहते हैं कि वह जो भी ऑप्शन चुनेंगे, वह तुरंत पूरा हो जाएगा. इस पर गुल्लू कहते हैं कि जिन दोनों को जीवनदान मिलेगा, उन्हें एक्स्ट्रा काम करना पड़ेगा. गुल्लू आगे कहते हैं कि उन्होंने अभी तक जो भी दोस्ती निभाई है, पूरे दिल से निभाई है, इसलिए वह अपने दोस्तों की लाइफ वापस लाना चाहेंगे.
नॉमिनेशन का नया इम्तिहान
प्रोमो के आखिर में बिग बॉस रिश्तों की एक और मुश्किल परीक्षा का ऐलान करते हैं. बिग बॉस कहते हैं कि यह घर रिश्तों की परीक्षा है. अब कंटेस्टेंट्स को जोड़ियों में एक्टिविटी एरिया में बुलाया जाएगा. वहां दोनों सदस्यों को आपस में बात करके यह तय करना होगा कि उन दोनों में से कौन नॉमिनेट होगा और कौन सेफ होगा. बिग बॉस सख्त वॉर्निंग देते हैं कि अगर कोई भी जोड़ी दस मिनट के अंदर किसी एक नाम पर फैसला नहीं कर पाती है, तो उस जोड़ी के दोनों ही सदस्य सीधे नॉमिनेट हो जाएंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि कैप्टन गुल्लू किसका साथ देते हैं और कौन से कंटेस्टेंट इस हफ्ते बेघर होने के लिए नॉमिनेट होते हैं.
