एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। हालिया रिलीज फिल्म हनुमान अंश (Hanuman Ansh) ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ के पार कारोबार कर लिया है। फिल्म की सफलता से पूरा बॉलीवुड हैरान है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म इतना कमा ले जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।
हनुमान अंश से पहले हॉलीवुड साइकोलॉजिकल थ्रिलर ओब्सेशन (Obsession) ने भी दुनियाभर में कमाई से इतिहास रचा था। यह भी कम बजट में बनी हाई प्रॉफिटेबल फिल्म साबित हुई थी। अब ‘उड़ता तीर’ एक्टर आयुष्मान खुराना ने इन दोनों फिल्मों की सफलता पर बात की है।
हनुमान अंश की सफलता पर आयुष्मान का रिएक्शन
आयुष्मान खुराना ने दोनों कम बजट की फिल्मों हनुमान अंश और ओब्सेशन की सफलता को कहा है कि इस तरह की और भी फिल्में बननी चाहिए। उनका कहना है कि बॉलीवुड में कम बजट की फिल्में बनाने की जरूरत है। PTI संग बातचीत में एक्टर ने कहा-
हनुमान अंश और ऑब्सेशन दो अलग-अलग जॉनर की फिल्में हैं और ये कम बजट वाली फिल्में हैं। मुझे लगता है कि हमें ऐसी ही फिल्में बनानी चाहिए। हमें बजट का ध्यान रखना चाहिए और लोगों से ज्यादा जुड़ना चाहिए। यह सुनने में आसान लगता है, लेकिन असल में ऐसा है नहीं।

फिल्म में सबसे ज्यादा अहम है स्टोरी
आयुष्मान खुराना का यह भी कहना है कि एक फिल्म में सबसे ज्यादा जरूरी फिल्म की कहानी है। उन्होंने कहा, “अपनी पहली फिल्म से ही मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि कहानी ही असली सुपरस्टार होती है। हालांकि मैंने पिछले 20-एक फिल्मों में हर तरह की फिल्मों में काम किया है- चाहे वह कोई खास प्रोजेक्ट हो या आम फिल्में हों लेकिन अब मैं अपनी असलियत यानी ऑथेंटिसिटी की ओर लौट रहा हूं। अगर हम लोगों को असली और सच्ची कहानी दें तो वे जरूर जुड़ते हैं।”
