मेरठ के सरधना क्षेत्र में सोमवार को सोशल मीडिया पर एक बच्चे के पैर में जंजीर बांधे जाने का 13 सेकेंड का वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक बच्चा बिस्तर पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है, उसके बाएं पैर में जंजीर बंधी है और उस पर ताला लगा हुआ है। बच्चा जंजीर हटाने का प्रयास करता हुआ नजर आ रहा है। इस वीडियो को सरधना थाना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर का बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति ने बच्चे के साथ दुर्व्यवहार का जिक्र करते हुए इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचने पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा चाइल्ड लाइन से भी संपर्क किया जा रहा है।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि जांच के बाद ही वीडियो की वास्तविक स्थिति और बच्चे को जंजीर से बांधने के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
