Prayagraj News: प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। घूरपुर थानाक्षेत्र के सारंगपुर गांव के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वीडियो पोस्ट कर उसने अतीक परिवार के खौफ से धर्म परिवर्तन कर सलीम अंसारी से देवव्रत शुक्ला बनने का भी दावा किया। लेकिन, ‘हिन्दुस्तान’ अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इधर, जानकारी होते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। हालांकि पुलिस की जांच में करीब दो साल पहले धर्म परिवर्तन करने की पुष्टि हुई। वहीं, किराएदार से विवाद की वजह से वीडियो पोस्ट करने का मामला सामने आया। फिलहाल किराएदार ने कमरा खाली कर दिया है।पुलिस
के मुताबिक, कानपुर के मूल निवासी सलीम अंसारी पुत्र वाजिद अली का परिवार कई साल पहले घूरपुर के सारंगपुर गांव आकर बस गया था। सलीम अंसारी हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता की गाड़ी चलाते हैं। घूरपुर पुलिस गुरुवार को उसके घर पहुंची और जांच पड़ताल की तो सच्चाई का पता लगा। पुलिस का कहना है कि सलीम अंसारी ने 12 फरवरी 2024 को अपने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाकर अपना नाम देवव्रत शुक्ला रख लिया था। उसके मकान में अतीक अहमद के चचेरे भाई हमजा की बहन किराए पर रहती थी। पिछले कुछ दिनों से देवव्रत कमरा खाली करने का दबाव बना रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि देवव्रत ने दबाव बनाने की मंशा से वीडियो में गलत बयानबाजी कर पोस्ट कर दिया था। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि दो साल पहले स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन किया गया था। किराएदार से विवाद की वजह से वीडियो पोस्ट किया गया था। हालांकि, किराएदार से कमरा खाली करवा दिया गया है।
