CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे. दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे. इसके बाद शाम को शिवरीनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और महानदी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे शिवरीनारायण महोत्सव में शिरकत करेंगे. इसके बाद रात 11 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
अनुकंपा नियुक्ति के लिए आज प्रदर्शन करेंगी विधवाएं
रायपुर. अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर दिवंगत शिक्षाकर्मियों की विधवाएं आज सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगी. वे अंबेडकर चौक पर भीख मांगकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करेंगी. प्रदर्शनकारी दिवंगत शिक्षाकर्मियों के शेष आश्रितों को नौकरी देने और उनकी योग्यता के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की मांग कर रही हैं. आश्रित लंबे समय से नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं. मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज विधवाएं विरोध के इस तरीके के जरिए सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश करेंगी.
आरंग नहीं रहेगा बंद
आरंग .धर्मनगरी आरंग में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर उपजा एक बड़ा राजनीतिक और धार्मिक विवाद आखिरकार शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया है. नवरात्रि प्रचार के फ्लेक्सी और बैनरों को कचरा वाहन में फेंकने को लेकर बढ़ा तनाव अब खत्म हो चुका है. कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय सुलह बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने सर्व समाज और सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है. इस सुलह के बाद 14 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘आरंग बंद’ और चक्काजाम का आह्वान आधिकारिक रूप से वापस ले लिया गया है.दरअसल, पूरा विवाद पंचमी तिथि पर महामाया पारा स्थित श्री सार्वजनिक नवदुर्गात्सव समिति द्वारा आयोजित पद्मश्री अनुज शर्मा के विशेष जगराता कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार से जुड़ा था. समिति ने नगर के गौरवपथ पर 50 से अधिक फ्लेक्सी लगाए थे, जिनमें स्थानीय विधायक अनुज शर्मा और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के चित्र थे. आरोप था कि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के आदेश पर इन बैनरों को हटवाकर कचरा गाड़ी में फेंकवा दिया गया. इस घटना का वीडियो वायरल होते ही श्रद्धालुओं और विभिन्न समितियों में भारी रोष फैल गया. मामला उग्र होते देख सर्व समाज ने बैठक बुलाकर नगर पालिका अध्यक्ष को समिति के संरक्षक पद से निष्कासित कर दिया था. साथ ही 14 अक्टूबर को ‘आरंग बंद’ का ऐलान किया, जिसे आरंग व्यापारी संघ ने भी पूर्ण समर्थन दिया था. लेकिन शहर का माहौल बिगड़ने से पहले कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कमान संभाली और अपने कार्यालय में सर्व समाज, व्यापारी संघ और दुर्गोत्सव समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई. सार्वजनिक रूप से मांगी गई माफी के बाद सर्व समाज ने बड़प्पन दिखाते हुए अध्यक्ष को माफ कर दिया है. इसी के साथ 14 अक्टूबर का ‘आरंग बंद’ रद्द हो गया है और धर्मनगरी आरंग में एक बार फिर शांति, सौहार्द और भक्ति का माहौल कायम हो गया है.
हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस आज और कल रद्द
रायपुर. रेलवे के विभिन्न मंडलों में चल रहे निर्माण और तकनीकी कार्यों का असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ रहा है. मुंबई मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड के कसारा यार्ड में तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक तथा चक्रधरपुर मंडल के बंडामुंडा स्टेशन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते हावड़ा और मुंबई के बीच चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं रद्द कर दी गई हैं. रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस रद्द रहेगी. वहीं, 14 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 12261 सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस का परिचालन भी नहीं होगा.
BSC कृषि ऑनर्स में प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन आज से
रायपुर. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत बीएससी (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पी.ए.टी. एवं कक्षा 12वीं की योग्यता के आधार पर काउंसिलिंग की प्रक्रिया चल रही है. ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज अपलोड करने के साथ शुल्क जमा करने के तिथि आज समाप्त हो गई. अब काउंसिलिंग के अंतर्गत दस्तावेजों का सत्यापन, प्रावीण्य सूची जारी करने, सीट आबंटन एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा. 14 अक्टूबर को पंजीकृत पीएटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी, 15 अक्टूबर को पंजीकृत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण राज्य के मूल निवासी अभ्यर्थी तथा 16 अक्टूबर को पंजीकृत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए तिथि निर्धारित की गई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
