नवभारतटाइम्स.कॉम•
रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायणम्’ का दूसरा ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसकी झलकियां देखकर लोगों की आंखें फटी रह गई हैं। फैंस ने कहा है- शरद केलकर की रावण की आवाज सुनकर ही मेरे रोंगटे खड़े हो गए।अब बॉक्स ऑफिस रेकॉर्ड के छल्ले बनेंगे।

फिल्म में साई पल्लवी माता सीता के किरदार में हैं और सनी देओल भगवान हनुमान के रोल में द्खेंगे। फिल्म के दूसरे ट्रेलर ने दर्शकों की बेचैनी और उत्सुकता बढ़ा दी है। ट्रेलर की शुरुआत शानदार विजुअल के साथ होती है। इस दूसरे ट्रेलर की शुरुआत रावण के उदय और उसकी बढ़ती ताकत से होती है।
‘एक युग ऐसा भी था जब मानव भूमि पर भगवान वास करते’
इस ट्रेलर में भगवान राम की झलकियों के साथ बैकग्राउंड में कहा जा रहा है, ‘एक युग ऐसा भी था जब मानव भूमि पर भगवान वास करते थे। सृष्टि में शक्ति का संतुलन था। परंतु भगवान ब्रह्मा के वरदान ने एक असुर को इतना शक्तिशाली बना दिया। एक असुर के प्रकोप से मानवता विनाश के कगार पर आ गई।’
शानदार विजुअल इफेक्ट्स, भव्य महल और युद्ध
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में रामायण की कहानी को बड़े स्तर पर दिखाने की कोशिश की गई है। नए ट्रेलर में राम और रावण के बीच होने वाले टक्कर की झलक देखने को मिलती है जिसमें शानदार विजुअल इफेक्ट्स, भव्य महल और युद्ध के जदबरदस्त सीन हैं।
ट्रेलर में रावण के पराक्रम और उसके खतरनाक इरादे
यश का किरदार रावण का शक्तिशाली रूप में अपने सामने सभी को झुकाने का दम रखता है। ट्रेलर में रावण के पराक्रम और उसके खतरनाक इरादों को दिखाया गया है। ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में बुराई का सामना करते नजर आ रहेहैं। राम दुनिया को रावण के अत्याचार से बचाने के लिए आगे आते हैं। दोनों किरदारों के बीच होने वाली टक्कर जबरदस्त है।।
सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भी दिखी झलक
ट्रेलर में साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आती हैं। उनके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के रूप में दिखाई देंगे। फिल्म में रामायण के कई अहम प्रसंगों को भव्य अंदाज में पर्दे पर उतारा गया है। ट्रेलर में भगवान राम के शिव धनुष उठाने, राक्षसी सेना से मुकाबले और जटायु से जुड़े युद्ध के दृश्यों की झलक भी देखने को मिलती है। इन सीन को प्रभावशाली बनाने के लिए विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है।
एआर रहमान और हंस जिमर ने दिया संगीत
‘रामायणम्’ को खास बनाने के लिए निर्माताओं ने संगीत पर भी काफी ध्यान दिया है। फिल्म का संगीत एआर रहमान और मशहूर संगीतकार हंस जिमर ने तैयार किया है। दोनों के साथ आने से फिल्म के संगीत को लेकर भी दर्शकों में काफी दिलचस्पी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को बड़े सिनेमाई स्तर पर तैयार किया गया है। फिल्म के जरिए भारतीय महाकाव्य रामायण की कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘रामायणम्‘ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज करने की योजना है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। अब दर्शकों को फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है।
ये तो हॉलीवुड से भी ऊपर, अब बॉक्स ऑफिस रेकॉर्ड के छल्ले बनेंगे
ट्रेलर देखकर लोगों ने विजुअल की जमकर तारीफ की है। वहीं एक ने कहा है- शरद केलकर की रावण की आवाज सुनकर ही मेरे रोंगटे खड़े हो गए। वहीं लोगों ने कहा है- अब बॉक्स ऑफिस रेकॉर्ड के छल्ले बनेंगे। एक और ने कहा- सच में ऐसा लग रहा कि मार्वल की मूवी देख रहे हैं, ये तो हॉलीवुड से भी टॉप पर है।
