Home Morning News (खास खबरें)Kanpur News:शहर को मिला पहला कन्वेंशन सेंटर, अधिकारियों ने सुबह किया निरीक्षण, रात में कंपनी को साैंपा – The City Gets Its First Convention Center, Officials Inspected It In The Morning And Handed It Over To The Company At Night

Kanpur News:शहर को मिला पहला कन्वेंशन सेंटर, अधिकारियों ने सुबह किया निरीक्षण, रात में कंपनी को साैंपा – The City Gets Its First Convention Center, Officials Inspected It In The Morning And Handed It Over To The Company At Night

by BollywoodNewsAndMovie


कानपुर। विवादों के बीच रविवार को शहर को पहला कन्वेंशन सेंटर मिल गया। अमर उजाला माई सिटी में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद अधिकारी चेते और सुबह कंपनी के प्रतिनिधियों संग निरीक्षण किया। इसके बाद रात में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने इसे कंपनी को साैंप दिया।

नगर आयुक्त ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से शहर में वाणिज्यिक, सांस्कृतिक, प्रशासनिक कार्यक्रमों को एक मंच प्रदान करने के लिए कामर्शियल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया गया है। कानपुर स्मार्ट सिटी ने कन्वेंशन सेंटर को चयनित ऑपरेटर संस्था मेसर्स श्री बालाजी इन्फ्रास्ट्रक्चर को हस्तांतरित कर दिया है। इसके साथ ही यहां 23 अक्तूबर से लगने वाली प्रदर्शनी के लिए भी रास्ता साफ हो गया है।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कन्वेंशन सेंटर के संचालन के लिए मेसर्स श्री बाला जी इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एमओयू किया था। अब यहां क्राफ्टरूट्स कंपनी 23 अक्तूबर से प्रदर्शनी लगाने की तैयारी कर रही है जिसका प्रचार सोशल मीडिया में किया जा रहा है। इसकी खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार सुबह 11:00 बजे कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड और श्री बाला जी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के अधिकारी कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। कंपनी ने साफ-सफाई के साथ ही कुछ और चीजों को दुरुस्त करने के लिए कहा। इसके बाद देर रात नगर आयुक्त ने इसे कंपनी को हैंडओवर कर दिया। निरीक्षण के दौरान कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड से जुड़े आरके तिवारी, राहुल सब्बरवाल, एमएचपीएल के डायरेक्टर प्रणव अग्रवाल, समन्वयक उपासना शुक्ला, बालाजी कंपनी के संजय दुबे, चाणक्य गुप्ता आदि मौजूद रहे।

23 से 27 अक्तूबर तक लगनी है प्रदर्शनी

कन्वेंशन सेंटर में 23 से 27 अक्तूबर तक क्राफ्टरूट्स प्रदर्शनी लगाने का प्रचार सोशल मीडिया पर किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में 22 से अधिक राज्यों के 100 से ज्यादा कारीगर 100 से अधिक पारंपरिक और हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। पारंपरिक वस्त्र, हथकरघा, होम डेकोरेशन, कारीगरों के बनाए गए आभूषण आदि के स्टॉल लगेंगे। प्रदर्शनी सुबह दस से रात नौ बजे तक चलेगी।

पिछले साल हो गया था निर्माण

कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने चुन्नीगंज स्थित नगर निगम की जमीन पर करीब 96 करोड़ रुपये से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया है। निर्माण पिछले साल पूरा हो गया था।

24 को कार्यकारिणी में हो सकता हंगामा

नगर आयुक्त और महापौर के बीच पिछली कार्यकारिणी में कई मामलों में विवाद देखा गया। घर-घर कूड़ा उठान के टेंडर, कन्वेंशन सेंटर के टेंडर को लेकर तनातनी चल रही है। नगर आयुक्त का कहना है कि निजी कंपनी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और कन्वेंशन सेंटर के हैंडओवर की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अब 24 अक्तूबर को फिर कार्यकारिणी की बैठक होनी है जिसमें इन मुद्दों को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है।

वर्जन

कंपनी के लोगों के साथ कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया है। वहां कुछ कमियां हैं जिन्हें दूर कर लिया है। – आरके तिवारी, नोडल अफसर, कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड

नगर निगम कार्यकारिणी ने कन्वेंशन सेंटर के टेंडर का फैसला निरस्त कर दिया है। कार्यकारिणी के निर्णय सर्वोपरि हैं। अब इस बारे में कुछ नहीं कहना है। – प्रमिला पांडेय, महापौर

स्मार्ट सिटी के नियमों के तहत कन्वेंशन सेंटर को हैंडओवर किया गया है। यह प्रक्रिया पहले से चल रही है। प्रदर्शनी की वजह से ऐसा नहीं किया गया है। अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त

ये हैं सुविधाएं

एक हजार लोगों की क्षमता का प्रदर्शनी हाॅल, 150 लोगों क्षमता के तीन काॅन्फ्रेंस कम मीटिंग हाॅल। 500 लोगों की क्षमता का ऑडिटोरियम, 200 लोगों की क्षमता का मॉड्युलर मीटिंग रूम, बिजनेस सेंटर। 300 लोगों की क्षमता का फूड कोर्ट, छह वीवीआईपी गेस्ट रूम, 100 लोगों के हिसाब से डाइनिंग एरिया, एडमिन ब्लॉक, ग्रीन बिल्डिंग डिजाइन, नेचुरल लाइट, ऊर्जा संरक्षण सिस्टम, मॉडर्न एलिवेशन, 215 कारों के लिए पार्किंग, आठ लिफ्ट एवं चार एक्सीलेटर।



Source link

You may also like

Leave a Comment