बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग ने पूरे बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया है। इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस भी काफी सतर्गक हो गई है। इस बीच मामले की जांच में सामने आया है कि कथित गैंगस्टर अनिल पंडित ने करीब ढाई महीने पहले इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस पूरे घटनाक्रम से बॉलीवुड में भी डर का माहौल है। बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी और दिव्या दत्ता ने भी इस पूरी वारदात पर प्रतिक्रिया दी है और चिंता जाहिर की है। दोनों ने अपनी आने वाली फिल्म ‘गजब रात’ के प्रमोशनल इवेंट के दौरान टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर भी बात की। उन्होंने इस घटना पर चिंता जताई और कहा कि लोगों का सुरक्षित महसूस करना जरूरी है।
टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी पर मनोज बाजपेयी की प्रतिक्रिया
मनोज बाजपेयी ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि वह इस वारदात को किसी ‘गैंग वॉर’ के तौर पर नहीं देखते, मगर उन्होंने माना कि ऐसी घटनाओं से जुड़ी अनिश्चितता डरावनी होती है। मनोज बाजपेयी ने इस बात पर तो राहत जताई कि टाइगर श्रॉफ इस हादसे में बच गए और उनके ड्राइवर की हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन वारदात को लेकर चिंता भी जाहिर की। मनोज बाजपेयी ने घटना पर बात करते हुए कहा- ‘मुझे नहीं लगता कि यह कोई गैंग वॉर है, लेकिन पता नहीं कहां से गोलियां चल रही हैं। ये सच में बहुत ही डरावना है। टाइगर के साथ जो हुआ वह दुखद है, लेकिन सबसे अच्छी और खुशी की बात यह है कि वह सुरक्षित हैं और उनके ड्राइवर भी धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। हम कोई कानून-व्यवस्था के विशेषज्ञ तो हैं नहीं।’
दिव्या दत्ता ने भी जताई चिंता
दिव्या दत्ता ने भी टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के बारे में खुलकर बात की और इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षित महसूस करना हर किसी की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने कहा- ‘दुर्भाग्य से, ऐसी खबर सुनकर हर कोई यही सोचने लगता है कि ‘आखिर हुआ क्या?’ हम सभी बस एक सामान्य सुरक्षा चाहते हैं। जिंदा रहने के लिए हर किसी को यह बुनियादी सुरक्षा चाहिए, और यह बहुत जरूरी है। जब ऐसी कोई घटना होती है, तो इंसान अंदर तक हिल जाता है। लेकिन मुझे यकीन है कि प्रशासन इस मामले को देख रहा होगा, और टाइगर सुरक्षित हैं। ईश्वर उनका भला करे।’
टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के बारे में और जानकारी
जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दें कि रविवार शाम मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ एक जानलेवा हमले से बाल-बाल बच गए। यह घटना तब हुई जब एक फुटबॉल मैच के बाद अभिनेता अपनी बीएमडब्ल्यू सेडान कार से बाहर निकल रहे थे। फायरिंग मामले में पुलिस की जांच अभी भी चल रही है। दो और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के सोनीपत से समीर और जतिन को हिरासत में लिया है। इन पर इस मामले से जुड़े हथियारों की सप्लाई करने का आरोप है। अदालत से अनुमति मिलने के बाद, इन्हें आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाया जाएगा।
(इनपुट ANI)
ये भी पढ़ेंः Tiger Shroff Case update: लॉरेंस बिश्नोई गैंग में लड़कियां भी शामिल हैं? गिरफ्तार की गईं राधा-बबीता कौन हैं
