
विद्युत जामवाल की फिल्म का हाल बुरा
Street Fighter Box Office Collection: भारतीय सिनेमा में विद्युत जामवाल को अभी बहुत ज्यादा समय नहीं हुआ है लेकिन उनका नाम इंडस्ट्री में बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है. उन्होंने अपने करियर में फिल्में भी कम की हैं लेकिन यूथ के बीच उनकी बहुत तगड़ी पॉपुलैरिटी है. अब एक्टर ने अपना हॉलीवुड डेब्यू भी कर लिया है. उनकी फिल्म स्ट्रीट फाइटर सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक हफ्ते का वक्त हो चुका है. इस फिल्म के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं.
स्ट्रीट फाइटर के साथ ही बॉलीवुड से अजय देवगन की दृश्यम 3 का कलेक्शन जारी है. वहीं आयुष्मान खुराना की उड़ता तीर फिल्म भी अब सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है. वहीं साउथ से रजनीकांत की जेलर 2 का जलवा देखने को मिल रहा है तो वहीं विजय देवरकोंडा की रणबाली भी पीछे नहीं है. इन सबके बीच स्ट्रीट फाइटर की कमाई पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है. आइए जानते हैं कि आखिर ये फिल्म कितना कमा चुकी है.
स्ट्रीट फाइटर ने कितने रुपये कमाए?
स्ट्रीट फाइटर फिल्म की बात करें तो सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन यानी गुरुवार को लचर प्रदर्शन किया है और फिल्म 50 लाख भी नहीं कमा सकी है. सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म का कलेक्शन 49 लाख रुपये का रहा है. फिल्म के इस कलेक्शन को मिला लिया जाए तो स्ट्रीट फाइटर का एक हफ्ते का नेट कलेक्शन 6.87 करोड़ रुपये का रहा है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 7.64 करोड़ रुपये का पहुंच गया है. ऐसे में इस फिल्म की कमाई काफी धीमी जा रही है.
ये भी पढ़ें- Hrithik Fees Jailer 2: रजनीकांत की जेलर 2 के लिए ऋतिक रोशन ने नहीं लिए 25 करोड़, क्या है फीस का सच?
तमाम तारीफ के बाद भी विद्युत जामवाल की फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर वैसा इंसाफ नहीं मिल रहा है. ये अपने आप में चिंतित कर देने वाली बात है. उन्हें इंडस्ट्री में टैलेंट का पावरहाउस माना जाता है. वे शानदार डांसर है. वे एक्शन स्पेशलिस्ट हैं और अपना एक्शन भी खुद करते हैं. वे रियल स्टंट करने में विश्वास रखते हैं. इतना रिस्क लेने के बाद इतने एफर्ट्स लगाने के बाद भी उनकी फिल्मों का ना चलना दुर्भाग्यपूर्ण है. फिलहाल ये देखने वाली बात होगी कि उनकी फिल्म स्ट्रीट फाइटर की भाग्य रेखा कैसा रुख अपनाती है.


