बुलंदशहर। जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रात में ठंडक और दिन में तेज धूप के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शनिवार रात अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ कहीं कम तो कहीं अधिक बूंदाबांदी हुई। इससे धान उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई। हालांकि, रविवार सुबह मौसम साफ होने के साथ ही धूप निकल आई। बारिश की संभावना कम होने और मौसम खुलने से किसानों ने राहत की सांस ली। वहीं, बूंदाबांदी के कारण हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट आई।
