एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। सिनेमा में इस वक्त पौराणिक युग आया हुआ है। यकीन मानिए सिनेमा अब माइथोलॉजिकल फिल्मों की बाढ़ सी आई हुई है। हनुमान अंश के बाद तो मानो बैक टू बैक कई ऐसी फिल्मों का एलान हुआ है और अब लीजिए रवि किशन भी ‘बजरंगी के यार’ बनने जा रहे हैं। हाल ही में फिल्म ‘मेरा यार बजरंगी’ का एलान हुआ है, जिसमें रवि किशन दिखेंगे।
हनुमान जी पर बनेगी नई फिल्म
बीते दिनों ही बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) का जादू चला था। इसके बाद रामबोला का एलान हुआ और अब लीजिए महावीर जैन फिल्म्स ने एक और नई फिल्म का एलान कर दिया है, जिसका नाम है ‘मेरा यार बजरंगी – दोस्ती हो तो ऐसी’ (Mera Yaar Bajrangi – Dosti Ho Toh Aisi)।
फिल्म के टाइटल के एलान के साथ ही फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज किया गया है। फिल्म में रवि किशन मुख्य किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के पोस्टर में रवि किशन (Ravi Kishan) एक बेहद प्रभावशाली और सादगी भरे अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में एक तरफ रवि किशन का हाथ दिख रहा है तो दूसरी तरफ बजरंगबली की मुट्ठी दिख रही है।

कैसी होगी फिल्म की कहानी?
फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कहा गया है कि, ‘यह सिर्फ एक धार्मिक फिल्म नहीं है, बल्कि एक भक्त और भगवान के रिश्ते की कहानी है। आज के दौर में हर कोई एक सच्चे दोस्त की तलाश में है। ऐसे में क्या हो, अगर स्वयं बजरंग बली आपके यार बन जाएं? इसी भावना पर यह फिल्म आधारित है।’
अब फिल्म में रवि किशन के अलावा और कौन-कौन से किरदार नजर आएंगे, इसके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं आई है। वहीं ‘मेरा यार बजरंगी – दोस्ती हो तो ऐसी’ दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
वहीं दिवाली 2027 पर ही प्रभास (Prabhas) की स्पिरिट (Spirit) भी रिलीज होने जा रही है। इसके अलावा ‘रामायणम् पार्ट 2’ (Ramayana 2) भी दिवाली 2027 में ही रिलीज हो सकती है।
हालांकि रामायणम् 2 को लेकर अभी सस्पेंस है। अब इन सबके बाद रवि किशन की ये नई फिल्म भी दिवाली पर ही रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि भक्त और भगवान की दोस्ती की यह अनोखी कहानी बड़े पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है।
