‘मिर्जापुर’ और ‘पाताल लोक’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में नजर आ चुके आसिफ के लिए ‘बिग बॉस’ शो का हिस्सा बनना टेलीविजन पर एक नई शुरुआत है। रंगमंच से अपने सफर की शुरुआत करने के बाद वह फिल्मों और ओटीटी पर भी काम कर चुके हैं। फिलहाल वे ‘बिग बॉस’ के चलते काफी चर्चाओं में हैं। शो से पहले उन्होंने अमर उजाला से खास बातचीत की थी। पढ़ें इसके कुछ अंश…
मैं सिर्फ विनर बनने आया हूं
‘पंचायत’ से मिली पहचान और अपनी फैन फॉलोइंग पर आसिफ का कहना है, ‘मेरी जो फैन बेस या फैन आर्मी हैं, वो सिर्फ ‘पंचायत’ की नहीं है। सबसे पहले, मैंने इतने सारे दूसरे प्रोजेक्ट किए हैं। ‘मिर्जापुर’ और ‘पाताल लोक’ जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी में भी काम किया है। मुझे लगता है कि एक अभिनेता की पहचान सिर्फ किसी एक प्रोजेक्ट से नहीं होनी चाहिए।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने ‘पंचायत’ के अलावा भी कई काम किए हैं। वैसे, मुझे खुद भी नहीं पता कि मेरे कितने चाहने वाले हैं। किसी को भी अंदाजा नहीं होता कि उसकी फैन फॉलोइंग कितनी बड़ी है। मेरे हिसाब से फिनाले में जाने का आधार यह नहीं होना चाहिए कि किसकी फैन फॉलोइंग कितनी है। वह यह होना चाहिए कि किस इंसान में कितनी काबिलियत है। मेरे हिसाब से मैं खुद को फिनाले में जाने के लिए और विनर बनने के लिए बिल्कुल काबिल मानता हूं।’
