28 अक्टूबर को लखनऊ में हुआ वीडियो संकलन का विमोचन
लखनऊ के निशातगंज स्थित राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान के सभागार में बुधवार, 28 अक्टूबर को 13 प्रार्थना और प्रेरणादायी गीतों के वीडियो संकलन का विमोचन किया गया. अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इसका शुभारंभ किया. संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल के निर्देशन में यह डिजिटल सामग्री तैयार की गई है. इस पहल का उद्देश्य स्कूलों की प्रार्थना सभा को बच्चों के लिए अधिक रोचक और शिक्षाप्रद बनाना है.
‘हम होंगे कामयाब’ समेत इन गीतों को मिला नया रूप
डिजिटल संकलन में बच्चों के बीच पहले से लोकप्रिय कई प्रार्थना और प्रेरणादायी गीत शामिल किए गए हैं. इनमें ‘हम होंगे कामयाब’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’, ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘तुम ही हो माता-पिता तुम ही हो’ और ‘ज्योति से ज्योति जगाते चलो’ जैसे गीत शामिल हैं. इनके अलावा देशप्रेम, नैतिकता और सकारात्मक सोच का संदेश देने वाले अन्य गीतों को भी नए डिजिटल रूप में तैयार किया गया है.
2 से 4 मिनट के वीडियो में संगीत और एनीमेशन
संकलन में शामिल प्रत्येक वीडियो की अवधि लगभग दो से चार मिनट रखी गई है. गीतों को बच्चों के लिए आकर्षक बनाने के उद्देश्य से इनमें बेहतर संगीत, दृश्यांकन और एनीमेशन का इस्तेमाल किया गया है. स्मार्ट क्लास और डिजिटल स्क्रीन की सुविधा वाले स्कूल इन वीडियो को सुबह की प्रार्थना सभा में दिखा सकेंगे. खास बात यह है कि वीडियो तैयार करने में प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी गायन मंडल के माध्यम से योगदान दिया है.
सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को मुफ्त मिलेगी सुविधा
शिक्षा विभाग की इस पहल का लाभ प्रदेश के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को मिलेगा. स्कूल प्रार्थना सभा के दौरान इन वीडियो का निशुल्क इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि, इनके व्यावसायिक उपयोग की अनुमति नहीं होगी. विभाग की योजना है कि वीडियो को आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल, यूट्यूब, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए स्कूलों तक पहुंचाया जाए.
बच्चों में अनुशासन और सकारात्मक सोच बढ़ाने पर जोर
वीडियो संकलन के विमोचन के दौरान अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने प्रार्थना सभा के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्कूलों की प्रार्थना सभा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, संवेदनशीलता और देश के प्रति सम्मान जैसे गुण विकसित करने में मदद मिल सकती है. नए वीडियो इसी उद्देश्य से तैयार किए गए हैं, ताकि बच्चे गीतों के संदेश को बेहतर तरीके से समझ सकें.
कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए भी बनेंगे खास वीडियो
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल ने शैक्षिक मीडिया पहल 2026-27 के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पीएम ई-विद्या डीटीएच चैनलों के लिए कक्षा के अनुसार शैक्षिक वीडियो तैयार किए जा रहे हैं. इसके अलावा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए गणित और विज्ञान के कठिन विषयों को आसान भाषा में समझाने वाले छोटे वीडियो बनाने की भी योजना है.
परीक्षा के तनाव और करियर से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी
शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, समय प्रबंधन और परीक्षा के तनाव से निपटने जैसे विषयों पर भी डिजिटल सामग्री तैयार कर रहा है. इसके साथ ही पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के अनुभव और पढ़ाने के नए तरीकों को पॉडकास्ट के माध्यम से साझा करने की योजना है. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ भविष्य की तैयारी में भी मदद देना है.
कार्यक्रम में कई शिक्षा अधिकारी रहे मौजूद
वीडियो संकलन के विमोचन कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी, समग्र शिक्षा के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान, संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रदीप कुमार सिंह और एससीईआरटी की संयुक्त निदेशक विभा मिश्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने भी भाग लिया.
Input: पवन तोमर की रिपोर्ट
