Home Morning News (खास खबरें)Noida News:गौड़ स्टेडियम में सुबह की सैर महंगी, सालाना फीस 1800 से बढ़ाकर 3000 रुपये – Morning Walks At Gaud Stadium Become Costlier

Noida News:गौड़ स्टेडियम में सुबह की सैर महंगी, सालाना फीस 1800 से बढ़ाकर 3000 रुपये – Morning Walks At Gaud Stadium Become Costlier

by BollywoodNewsAndMovie


– दूसरी सोसाइटियों के निवासियों को देने होंगे 4000 और किरायेदारों को 6000 रुपये सालाना

– टीएमसी के बावजूद अलग शुल्क वसूली पर सवाल, स्टेडियम और क्लब एरिया एओए को सौंपने की मांग

माई सिटी रिपोर्टर

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी के गौड़ स्टेडियम में सुबह की सैर महंगी हो गई है। स्टेडियम प्रशासन की ओर से जारी नए रेट चार्ट के अनुसार गौड़ सिटी के फ्लैट मालिकों की सालाना वॉकर फीस 1800 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दी गई है। वहीं, दूसरी बिल्डर सोसाइटियों के निवासियों को अब 4000 रुपये और किरायेदारों को 6000 रुपये सालाना शुल्क देना होगा। फीस बढ़ोतरी से नाराज निवासियों ने सवाल उठाया है कि जब वे पहले से टाउनशिप मेंटेनेंस चार्ज (टीएमसी) दे रहे हैं, तो सुबह की सैर के लिए अलग से शुल्क क्यों लिया जा रहा है।

नए रेट चार्ट के मुताबिक, गौड़ सिटी के फ्लैट मालिकों को तीन महीने के लिए 750 रुपये, दूसरी बिल्डर सोसाइटियों के निवासियों को 1000 रुपये और किरायेदारों को 1500 रुपये देने होंगे। इस हिसाब से सालाना शुल्क क्रमशः 3000, 4000 और 6000 रुपये होगा। इससे पहले गौड़ सिटी के फ्लैट मालिकों से सालाना 1800 रुपये और दूसरी सोसाइटियों के निवासियों से 3000 रुपये लिए जाते थे।

निवासी अनीता प्रजापति का कहना है कि लोग शुरू से ही टीएमसी का भुगतान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद स्टेडियम में वॉक करने के लिए अलग से कार्ड बनवाना पड़ता है। फीस बढ़ने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उनका कहना है कि फ्लैट खरीदते समय स्टेडियम को उपलब्ध सुविधाओं में शामिल करके दिखाया गया था। उन्होंने फीस बढ़ाने का कारण बताने के साथ ही स्टेडियम के संचालन और रखरखाव पर होने वाले खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है।

स्टेडियम और क्लब एरिया एओए को सौंपने की मांग

निवासियों ने स्टेडियम के संचालन और शुल्क निर्धारण में पारदर्शिता की मांग की है। उनका आरोप है कि मेंटेनेंस शुल्क का एक हिस्सा टाउनशिप और स्टेडियम के रखरखाव पर खर्च होता है, इसके बावजूद वॉक के लिए अलग से फीस ली जा रही है। उन्होंने गौड़ क्लब को होटल में तब्दील किए जाने का आरोप लगाते हुए स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य पर भी चिंता जताई है। निवासियों के मुताबिक, टाउनशिप को बसे करीब 13 साल हो चुके हैं, लेकिन स्टेडियम का संचालन अब भी बिल्डर के पास है। उन्होंने स्टेडियम और पूरे क्लब क्षेत्र को अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) को हस्तांतरित करने की मांग की है, ताकि रखरखाव, शुल्क निर्धारण और खर्च के हिसाब में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि स्टेडियम को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं और विरोध के बाद उन्हें प्रवेश की अनुमति मिली थी।

निवासी बोले

गौड़ स्टेडियम के लिए हम शुरू से टीएमसी देते आ रहे हैं। हमने वॉक करने के लिए पैसे देकर कार्ड बनवाए, लेकिन अब तो हद हो गई है। – सुरेंद्र सिंह, एवेन्यू 6 सोसाइटी

गौड़ सिटी के निवासियों की सुविधाओं और अधिकारों पर कब्जा करने की उनकी भूख कभी खत्म नहीं होती। – पुनीत कोहली, साया जियोन सोसाइटी

पहले ही स्टेडियम की सुविधा के नाम पर फ्लैट मालिक एक बड़ी रकम दे चुके हैं। यह मनमानी का नया तरीका है। – गरिमा श्रीवास्तव, फस्ट एवेन्यू सोसाइटी

तेरह साल बाद भी स्टेडियम का संचालन बिल्डर के पास होना गलत है, इसे अब रेजिडेंट्स के हाथ में होना चाहिए। – गौरव गुप्ता, पार्क एवेन्यू सोसाइटी

सिर्फ वॉक करने के लिए प्रवेश शुल्क लिया जाने का कोई औचित्य नहीं है। पहले ही गौड़ बिल्डर क्लब पर कब्जा कर चुका है। – हेमंत कुमार, सातवें एवेन्यू

यह जमीन टाउनशिप का हिस्सा है और इसपर यहां के फ्लैट ऑनर्स का पूर्ण अधिकार है। – अमरजीत राठौर,गौड़ सिटी



Source link

You may also like

Leave a Comment