भोपाल। मध्य प्रदेश अपना 71वां स्थापना दिवस मना रहा है। राजधानी भोपाल से लेकर पूरे प्रदेश में उत्सव और उल्लास का माहौल है। आज के दिन राज्य में कई बड़े कार्यक्रम और सौगातों का दौर रहने वाला है, आइए नजर डालते हैं आज की प्रमुख खबरों पर।
MP का 71वां स्थापना दिवस: लाल परेड ग्राउंड में भव्य राज्योत्सव का शुभारंभ
आज शाम 7 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस बार के राज्योत्सव की मुख्य थीम “विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश” रखी गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेले’ का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ द्वारा तैयार राजा भोज के जीवन पर आधारित 160 वॉटर कलर चित्रों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
स्थापना दिवस के इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थियों को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के तहत 102 मेधावी छात्रों को एक-एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे। साथ ही ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर वितरित किए जाएंगे, जिनमें भोपाल जिले के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कृत करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 71 बच्चों द्वारा वंदे मातरम के सामूहिक गायन और राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन संध्या में प्रसिद्ध पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के प्रमुख और व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के दिनभर के कार्यक्रमों की बात करें तो वे सुबह 7:50 बजे शौर्य स्मारक पहुंचेंगे और सुबह 8 बजे ‘संकल्प वृक्ष’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ‘उद्यम सम्मेलन’ में शिरकत करेंगे और दोपहर 1:30 बजे बालाघाट में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ से वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके उपरांत वे शाम 6:45 बजे लाल परेड ग्राउंड पर कृषि प्रदर्शनी का लोकार्पण करेंगे और शाम 7 बजे मुख्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।
CM निवास पर ‘उद्यम सम्मेलन’: एमएसएमई इकाइयों को 490 करोड़ की सब्सिडी होगी ट्रांसफर
स्थापना दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री निवास पर एमएसएमई विभाग का विशेष ‘उद्यम सम्मेलन’ आयोजित किया जा रहा है। एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से 950 एमएसएमई इकाइयों को 490 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि और 100 से अधिक स्टार्टअप्स को 1.50 करोड़ रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर करेंगे। इस दौरान उद्यमियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र और ‘मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना’ के तहत ऋण के चेक भी वितरित किए जाएंगे। जिन इकाइयों को यह प्रोत्साहन दिया जा रहा है, उन्होंने 7 हजार करोड़ से अधिक का निवेश कर 17 हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है।
ट्विशा शर्मा मौत मामला: कॉल डिटेल से बड़ा खुलासा और HC में सुनवाई
प्रदेश की अन्य बड़ी खबरों में, चर्चित ट्यूविशा शर्मा मौत मामले में एक नया और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। हाईकोर्ट में पेश किए गए 56 पेज के दस्तावेजों और 12-13 मई की कॉल डिटेल से यह बात सामने आई है कि आरोपी गिरिबाला सिंह ने घटना के तुरंत बाद न्यायपालिका और प्रशासनिक महकमे के कई बड़े अधिकारियों को फोन किए थे। कॉल डिटेल के अनुसार, उसने हाईकोर्ट के पूर्व जज से 4 बार, एडीजे से 12 बार, डीजीपी स्तर के आईपीएस अधिकारी से 6 बार और एसीएस स्तर के अफसर से 4 बार फोन पर बातचीत की थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने जबलपुर हाईकोर्ट में उसकी जमानत का कड़ा विरोध किया है, और सीबीआई ने भी कोर्ट में दलील दी है कि आरोपी के प्रभावशाली होने के कारण ट्रायल प्रभावित हो सकता है। फिलहाल हाईकोर्ट ने इस मामले में जमानत पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
