Home Box Office60 दिनों में 7 बड़ी फिल्में होंगी रिलीज, ‘रामायण’ के तूफान के बाद बॉक्स ऑफिस पर आएगी सुनामी, Bollywood Hindi News

60 दिनों में 7 बड़ी फिल्में होंगी रिलीज, ‘रामायण’ के तूफान के बाद बॉक्स ऑफिस पर आएगी सुनामी, Bollywood Hindi News

by BollywoodNewsAndMovie


‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाएगी, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। फिल्म से रिकॉर्डतोड़ कमाई की उम्मीद की जा रही है। लेकिन सवाल यह है कि ‘रामायण’ के बाद सिनेमाघरों में क्या होगा? क्या ये साल 2026 की आखिरी बड़ी फिल्म है? अगर आप ऐसा सोच रहे हैं, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। ‘रामायण’ की रिलीज के बाद अगले 60 दिनों यानी नवंबर के से दिसंबर तक सिनेमाघरों में 7 बड़ी फिल्में आने वाली हैं।

20 नवंबर: सनी देओल और जैकी श्रॉफ के बीच होगा क्लैश

‘रामायण’ की रिलीज के करीब दो हफ्ते बाद, 20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर दो अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच टक्कर देखने को मिलेगी। पहली है सनी देओल की ‘सूर्या’। इस फिल्म में सनी एक बार फिर अपने दमदार और इंटेंस एक्शन अवतार में नजर आएंगे। ये एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है और इसमें उनके साथ रवि किशन भी हैं।

वहीं दूसरी है ‘काली खेती’। जैकी श्रॉफ, शरद केलकर और नेहा सरगम की यह फिल्म रूरल हॉरर थ्रिलर है। फिल्म की कहानी डर, परिवार और अतीत से जुड़े खौफनाक सच के इर्द-गिर्द घूमती है।

27 नवंबर: एक साथ तीन बड़ी फिल्में हो रही हैं रिलीज

नवंबर का आखिरी शुक्रवार बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद खास होने वाला है। इस दिन तीन अलग-अलग जॉनर की फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।

‘ये प्रेम मोल लिया’ : आयुष्मान खुराना पहली बार सूरज बड़जात्या और राजश्री प्रोडक्शंस के साथ काम कर रहे हैं। आयुष्मान के अलावा इस फिल्म में शरवरी, अनुपम खेर, सौम्या टंडन और सीमा पाहवा नजर आएंगे। ये फैमिली ड्रामा फिल्म है और इसमें रोमांस का भी तड़का लगा है।

‘मायसा’: रश्मिका मंदाना की यह फिल्म दमदार कहानी और इमोशनल ड्रामा के साथ दर्शकों के सामने आएगी। फिल्म को आयुष्मान खुराना की ‘ये प्रेम मोल लिया’ से बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।

‘गनमास्टर G9’: इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख पहली साथ काम कर रहे हैं। उनकी इस सस्पेंस-एक्शन थ्रिलर का मुकाबला फैमिली ड्रामा और एक्शन फिल्मों के साथ होगा।

4 दिसंबर: बायोपिक

दिसंबर की शुरुआत ‘ईथा’ से होगी। ‘स्त्री’ की सफलता के बाद श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगावकर की बायोपिक में नजर आएंगी। फिल्म में उनके संघर्ष, कला के प्रति समर्पण और सफर को दिखाया जाएगा।

24 दिसंबर: क्रिसमस पर शाहरुख खान का बड़ा धमाका

साल 2026 का अंत शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ की रिलीज के साथ होगा। शाहरुख के अलावा फिल्म में सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी नजर आएंगे। बड़े सितारों और एक्शन से भरपूर इस फिल्म से साल के अंत में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल मचने की उम्मीद है।

क्यों खास होंगे ये 60 दिन?

‘रामायण’ जैसी बड़े बजट की फिल्म के बाद आमतौर पर दूसरी फिल्मों के निर्माता अपनी रिलीज टालने की कोशिश करते हैं। हालांकि, इस बार नवंबर और दिसंबर में फिल्मों की रिलीज का शेड्यूल काफी दिलचस्प है। हर फिल्म अलग तरह के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। सनी देओल और शाहरुख खान की फिल्मों से जहां एक्शन और मास एंटरटेनमेंट पसंद करने वाले दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने की उम्मीद है, वहीं आयुष्मान खुराना की फैमिली ड्रामा और श्रद्धा कपूर की बायोपिक अलग तरह के दर्शकों को थिएटर्स तक लाएगी।



Source link

You may also like

Leave a Comment