MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज धूमधाम से गोवर्धन पूजा होगी। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान कार्यक्रम होगा। सीएम डॉ मोहन यादव उज्जैन, भोपाल और इंदौर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे 16 करोड़ की कामधेनु गौशाला का लोकार्पण करेंगे। गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजयी पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
CM के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 9:30 बजे उज्जैन में तिलकेश्वर गौशाला पहुंचेंगे। यहां वे गोवर्धन पूजा करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे उज्जैन से भोपाल के लिए रवाना होंगे। 12:30 बजे रविंद्र भवन में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। गौ-पूजन और विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया जाएगा। मुख्यमंत्री गौ पालकों को सम्मानित भी करेंगे। वहीं दोपहर 1:45 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे। इंदौर के महू में कामधेनु गौशाला का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 3:30 बजे इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना होंगे।
बड़े शेड और खुले बाड़ों का निर्माण
सीएम डॉ मोहन यादव 9 नवंबर को महू के ग्राम आशापुरा जाएंगे। यहां वे गोवर्धन पूजा के साथ कामधेनु गौशाला की सौगात देंगे। आपको बता दें कि गौशाला का निर्माण 26 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर विकसित की गई है। इसे करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। CSR और दानदाताओं के सहयोग से 11 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य हुए है। यहां शुरुआती चरण में 550 गोवंश के साथ गौसेवा और संरक्षण की व्यवस्था शुरू होगी। गौशाला में चार विशाल शेड और खुले बाड़ों का निर्माण किया गया है। बीमार गोवंश के लिए अलग वार्ड, पानी और चारे की भी व्यवस्था है। गौशाला में गोवंश के संरक्षण और बेहतर देखभाल के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई है। महू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गोपाल कृष्ण ग्राम योजना प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित करेंगे।
10वीं-12वीं परीक्षा 2027 के डमी प्रवेश पत्र जारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के डमी प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी किया है। छात्र अपने प्रवेश पत्र में दर्ज जानकारियों की जांच कर सकेंगे। वहीं मंडल ने संस्था प्राचार्यों को डमी एडमिट कार्ड का सूक्ष्म परीक्षण करने के निर्देश दिए है, ताकि परीक्षा से पहले किसी भी तरह की गलती को सुधारा जा सके। मंडल के मुताबिक, ऑनलाइन घोषणा पत्र जमा करने की अवधि 26 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। घोषणा पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत करने के बाद ही विद्यार्थी अपने मूल प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
भोपाल में विजिबिलिटी 50 मीटर
मध्य प्रदेश में दीपावली पर आतिशबाजी के जलते वायु प्रदूषण बढ़ गया। राजधानी भोपाल में विजिबिलिटी 50 मीटर रही। धुएं की वजह से वाहन चालकों को परेशानी हुई। शहर के कई इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से 300 के बीच पहुंचा। 200 से 300 के बीच एयर क्वालिटी इंडेक्स सेहत के लिए खतरनाक माना जाता है। वहीं इंदौर में 8 नवंबर की रात एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 320 दर्ज किया गया। इधर, स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने से बचने के निर्देश दिए है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
