‘बिग बॉस 20’ का नया प्रोमो आउट हो चुका है। इसमें मोहित चौहान शो में आते हैं और उन्होंने अपने गाने भी गाए। मोहित ने सलमान खान का भी एक गाना गाया जो उनके पिता सलीम खान का था। ये सुनकर वो रो पड़े।

प्लेबैक सिंगर मोहित चौहान ‘बिग बॉस 20‘ के दिवाली स्पेशल एपिसोड में एक खास मेहमान के तौर पर नजर आएंगे। प्रोमो में सलमान खान, दिवाली के जश्न के लिए मोहित का मंच पर स्वागत करते हुए दिख रहे हैं। मोहित ‘तुम से ही’ गाना गाते हुए मंच पर आते हैं। इसके बाद वे सलमान को गले लगाते हैं। सलमान उनकी तारीफ करते हुए कहते हैं, ‘आपके गाने बहुत सुकून देने वाले होते हैं।’
मोहित चौहान के गाने पर रोए सलमान
इसके बाद मोहित, सलमान से उनके पिता सलीम खान द्वारा लिखा गया गाना ‘मुझे तुमसे मोहब्बत है मगर मैं कह नहीं सकता…’ गाने का अनुरोध करते हैं। जब मोहित यह गाना गाते हैं, तो सलमान अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाते। गाने के बोल और मोहित की आवाज सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं और वे भावुक हो जाते हैं। इस खास पल को देखकर न केवल सलमान, बल्कि शो के अन्य प्रतियोगी भी भावुक हो जाते हैं। शो का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
माही को लव गिल की मां ने सुनाया
हाल ही में ‘बिग बॉस 20’ में, माही विज को लव गिल की मां की आलोचना का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद, माही रो पड़ीं और उन्होंने शो के मेकर्स पर उन्हें गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने शो छोड़ने की इच्छा भी जताई। शनिवार को इस विवाद पर बात करते हुए, सलमान खान ने घटना पर अपनी राय रखी और माही को भरोसा दिलाया कि मेकर्स उनके प्रति निष्पक्ष रहे हैं।
रोहित शेट्टी के फीडबैक के बाद
बाद में माही ने बिग बॉस से बात करने की मांग की। उनके विरोध जताने के बाद, उन्हें कन्फेशन रूम में बुलाया गया। बिग बॉस से बात करते हुए, माही ने रोहित शेट्टी के फीडबैक पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘बिग बॉस, मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा कि बाहर मेरी कैसी छवि बन रही है। ‘वीकेंड का वार’ में मुझे फटकार लगाई गई। रोहित शेट्टी ने मुझे काफी कुछ सुनाया। आज लव की मां ने भी कुछ बातें कहीं। जबकि बाकी सब भी मुझसे कहीं ज्यादा गॉसिप करते हैं।’
रोहित शेट्टी को यह क्यों नहीं दिखता कि बाकी लोग भी अपना बर्ताव बदलते रहते हैं? सिर्फ मुझे ही क्यों कहा जाता है कि मैं गॉसिप करती हूं? मैं यह सब और नहीं झेल सकती। अगर बाहर मेरी ऐसी ही छवि दिखाई जा रही है, तो मैं इस शो में आगे नहीं रहना चाहती।
माही विज, एक्ट्रेस
माही को बिग बॉस ने भी दिया था जवाब
माही की बात का जवाब देते हुए बिग बॉस ने कहा, ‘अगर आपको ‘वीकेंड’ पर फीडबैक दिया जाता है, तो इसका मकसद आपको बाहर के दर्शकों की प्रतिक्रिया के बारे में आगाह करना होता है। हम आपको खुद को सुधारने का मौका देते हैं। सलमान खान या रोहित शेट्टी को यह कहने से क्या फायदा होगा कि आप बहुत अच्छा कर रही हैं? अगर आपको सिर्फ पॉजिटिव फीडबैक ही मिलेगा, तो आपको कभी पता ही नहीं चलेगा कि आपसे कहां गलती हो रही है। बाहर आपकी वैसी ही छवि बनती रहेगी, क्योंकि आपको तो यही लगेगा कि आप सब कुछ बहुत अच्छा कर रही हैं। इसलिए, यह सोचना बंद कर दें कि कोई ताकत आपके खिलाफ काम कर रही है। हम यहां आपको नीचा दिखाने के लिए नहीं हैं।’

