सुबह जल्दी उठकर टहलना सेहतमंद जीवनशैली का अहम हिस्सा माना जाता है. डॉक्टर भी नियमित वॉक करने की सलाह देते हैं, क्योंकि इससे दिल की सेहत बेहतर होती है, ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और शरीर एक्टिव बना रहता है. लेकिन कई बार यही मॉर्निंग वॉक अचानक किसी मेडिकल इमरजेंसी में बदल जाती है. हाल ही में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ ऐसा ही मामला सामने आया. 11 नवंबर 2026 को सुबह की सैर के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े.
इसके बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं. इस घटना ने सवाल खड़ा किया है कि आखिर चलते-चलते शरीर अचानक जवाब क्यों दे देता है और उस समय हमारे शरीर के अंदर क्या चल रहा होता है?
मॉर्निंग वॉक के दौरान शरीर में क्या होता है?
जब हम सुबह टहलना शुरू करते हैं तो शरीर की ऊर्जा की मांग बढ़ जाती है. मांसपेशियों को काम करने के लिए ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है. ऐसे में दिल अपनी धड़कन की गति बढ़ाता है, ताकि शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन वाला खून पहुंच सके. इसके साथ ही सांस लेने की गति भी तेज होती है. फेफड़े ज्यादा ऑक्सीजन शरीर में पहुंचाते हैं और मांसपेशियां उसका इस्तेमाल करके ऊर्जा बनाती हैं. सामान्य स्थिति में यह पूरी प्रोसेस शरीर के लिए फायदेमंद होती है. लेकिन अगर दिल, फेफड़ों या ब्लड सर्कुलेशन से जुड़ी कोई परेशानी पहले से मौजूद हो तो शरीर इस बढ़ी हुई जरूरत को पूरा नहीं कर पाता. ऐसी स्थिति में चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना या बेहोशी जैसी समस्या हो सकती है.
अचानक शरीर का संतुलन बिगड़ जाने की वजह
मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक गिरने के पीछे कई मेडिकल कारण हो सकते हैं. दिल की धड़कन सामान्य से बहुत तेज, बहुत धीमी या अनियमित हो जाए तो दिमाग तक पर्याप्त खून नहीं पहुंच पाता. इसे एरिथमिया कहा जाता है. कुछ मामलों में इससे व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर सकता है. जब दिल की मांसपेशियों तक खून पहुंचाने वाली किसी वेन में रुकावट आती है तो हार्ट अटैक हो सकता है. इस दौरान सीने में दबाव, दर्द, सांस फूलना, पसीना आना और चक्कर जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. वहीं कभी-कभी शरीर की स्थिति बदलने या लंबे समय तक खड़े रहने से ब्लड प्रेशर अचानक कम हो जाता है. इसे ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन कहते हैं. इससे दिमाग तक कुछ समय के लिए खून की आपूर्ति कम हो जाती है और व्यक्ति को चक्कर आ सकते हैं.
डायबिटीज के मरीजों को हो सकती है परेशानी
डायबिटीज के मरीजों में खाली पेट वॉक करने या दवाओं के प्रभाव से ब्लड शुगर कम हो सकती है. ऐसी स्थिति में कंपकंपी, पसीना, कमजोरी, भ्रम और गंभीर मामलों में बेहोशी भी हो सकती है. रातभर सोने के बाद शरीर में पानी की कमी हो सकती है. अगर पर्याप्त पानी न पिया जाए और अचानक तेज गति से चलना शुरू कर दिया जाए तो डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ सकती है. इससे ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: AIIMS Video Consultation: अब वीडियो कॉल पर चेकअप करेंगे AIIMS के डॉक्टर, बार-बार नहीं आना पड़ेगा अस्पताल
सुबह के समय हार्ट पर ज्यादा पड़ता है
सुबह उठने के बाद शरीर में कई हार्मोनल बदलाव होते हैं. इनमें कोर्टिसोल और कैटेकोलामाइन जैसे हार्मोन शामिल हैं, जो शरीर को एक्टिव बनाने में मदद करते हैं. इनकी वजह से हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर में भी बदलाव हो सकता है. इसके अलावा सुबह के समय कुछ लोगों में रक्तचाप स्वाभाविक रूप से बढ़ता है. जिन लोगों को पहले से हार्ट की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर या धमनियों में रुकावट की समस्या है, उनमें अचानक तेज एक्सरसाइज जोखिम बढ़ा सकती है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि सुबह की वॉक नुकसानदायक है. नियमित और अपनी क्षमता के अनुसार की गई एक्सरसाइज दिल के लिए फायदेमंद होती है.
वॉक करते समय दिखें ये संकेत तो तुरंत रुक जाएं
अगर चलते समय सीने में दर्द या दबाव, असामान्य सांस फूलना, अचानक चक्कर, ठंडा पसीना, धड़कन तेज होना या आंखों के सामने अंधेरा छाने लगे तो वॉक जारी न रखें. तुरंत बैठें या सुरक्षित जगह पर आराम करें और मेडिकल सहायता लें. अगर कोई व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर जाए और सामान्य तरीके से सांस न ले रहा हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं.
इन बातों का रखें ध्यान
मॉर्निंग वॉक शुरू करने से पहले कुछ मिनट हल्की गतिविधि करें. शुरुआत धीमी गति से करें और धीरे-धीरे रफ्तार बढ़ाएं. शरीर में पानी की कमी न होने दें. अगर पहले से हार्ट, डायबिटीज या ब्लड प्रेशर की समस्या है तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार वॉक का समय और गति तय करें. 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को भी अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार एक्सरसाइज करनी चाहिए. सबसे जरूरी बात यह है कि बेहोशी को कभी सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें. खासकर वॉक करते समय अचानक बेहोश होना दिल की धड़कन, ब्लड प्रेशर या अन्य गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है.
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें: Why We Forget Names Quickly: मिलते ही भूल जाते हैं लोगों के नाम? कमजोर याददाश्त नहीं, ये है असली वजह
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
