टीवी अभिनेता जय भानुशाली ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के कुछ कंटेस्टेंट्स के व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। शो के एक टास्क के दौरान उनकी पूर्व पत्नी और अभिनेत्री माही विज के साथ-साथ उनकी सात साल की बेटी तारा को भी विवाद में घसीटा गया। इस बात से जय इतने आहत हुए कि उन्होंने अपने बच्चों को अब यह शो नहीं दिखाने का फैसला कर लिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए अभिनेता ने साफ किया कि उनकी नाराजगी किसी कंटेस्टेंट के गेम खेलने के तरीके को लेकर नहीं, बल्कि बच्चों को निशाना बनाए जाने को लेकर है।
बिग बॉस के टास्क में बेटी तारा का नाम आने से नाराज हुए जय
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘बिग बॉस 20’ के घर में हाल ही में एक प्रोवोकेशन टास्क आयोजित किया गया था। इस दौरान कंटेस्टेंट्स को एक-दूसरे को उकसाने और प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर करने की कोशिश करनी थी। इसी टास्क के दौरान माही विज की निजी जिंदगी और उनकी मां होने की भूमिका पर टिप्पणियां की गईं। बातचीत में उनकी बेटी तारा का नाम भी शामिल हो गया। जय के मुताबिक यंग डीएसए ने टिप्पणी की कि बड़ी होने के बाद तारा को अपनी मां के कामों पर शर्मिंदगी महसूस होगी। वहीं, कनिका मान ने कथित तौर पर कहा कि वह कभी माही के बच्चों से मिलना नहीं चाहेंगी। इसके अलावा लव गिल की मां ने भी बातचीत में तारा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि अगर कोई उनकी बेटी के बारे में ऐसी बातें कहे तो उन्हें कैसा लगेगा।
‘सात साल की बच्ची शो की कंटेस्टेंट नहीं है’
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए जय ने सवाल किया कि आखिर एक रियलिटी शो के विवाद में मासूम बच्चे को शामिल करने की क्या जरूरत है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि तारा अभी महज सात साल की बच्ची है और वह ‘बिग बॉस’ की कंटेस्टेंट नहीं है। किसी को नीचा दिखाने के लिए बच्चे का नाम इस्तेमाल करना बिल्कुल गलत है। जय ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में भी स्पष्ट किया कि वह यह बात एक अभिनेता या सेलिब्रिटी के तौर पर नहीं, बल्कि एक पिता के रूप में कह रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उनके बच्चे यह सब देख रहे हैं और उनसे सवाल भी पूछ रहे हैं। ऐसे में उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें या उनके बच्चों को इस विवाद से जुड़ी नकारात्मक बातों में टैग न किया जाए।
माही के गेम पर सवाल उठाएं, लेकिन बच्चों को बीच में न लाएं
जय ने यह भी कहा कि उन्होंने शुरुआत में शो के किसी भी कंटेस्टेंट के गेम या रणनीति पर टिप्पणी नहीं करने का फैसला किया था। उनके मुताबिक, दर्शक और प्रतियोगी माही के गेम से असहमत हो सकते हैं, उनके फैसलों पर सवाल उठा सकते हैं और उनकी रणनीति को चुनौती दे सकते हैं। लेकिन इस बहस में उनके बच्चों, मातृत्व और निजी जिंदगी को शामिल करना किसी भी तरह से सही नहीं है। अभिनेता ने कहा कि वह जरूरत पड़ने पर माही का साथ देंगे, लेकिन बच्चों को निशाना बनाना बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्हें इस बात की चिंता है कि बार-बार तारा का नाम लेकर माही को नीचा दिखाने की कोशिश का उनके बच्चों के मन पर क्या असर पड़ेगा। जय ने साफ किया कि किसी के लिए यह शो मनोरंजन हो सकता है, लेकिन उनके परिवार के लिए यह मामला निजी है।
जय ने कहा- बच्चों की मासूमियत सबसे जरूरी
अपनी बात खत्म करते हुए जय ने कहा कि उनके बच्चों का मानसिक सुकून और मासूमियत उनके लिए किसी भी रियलिटी शो से ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने फैसला किया है कि अब उनके बच्चे ‘बिग बॉस 20’ नहीं देखेंगे। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘गुडबाय बिग बॉस 20’ लिखकर शो से दूरी बनाने का संकेत भी दिया।
ये भी पढ़ें: 37 साल बाद फिर दुल्हन बनेंगी अर्चना पूरन सिंह, परमीत सेठी संग दोबारा लेंगी सात फेरे, तय हुई ग्रैंड वेडिंग की तारीख
