मझोला। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कस्बे के गुरुद्वारा श्री कलगीधर सिंह सभा मझोला से लगातार तीसरे दिन भी श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। मंगलवार सुबह करीब चार बजे प्रभात फेरी का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब से हुआ।
इस दौरान संगत ने जो बोले सो निहाल, संत श्री अकाल के गगनभेदी जयकारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर पीलीभीत मार्ग से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। इसके बाद पुलिस चौकी मार्ग से वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर संगत ने गुरु महाराज का शबद कीर्तन करते हुए श्रद्धा भाव से प्रभात फेरी में सहभागिता की। गुरुद्वारा साहिब पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। संवाद
