.
बाल विवाह जैसी कुप्रथा खत्म करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर समाज को जागरूक करने के लिए गुरुवार को पिपराही प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देश पर हुआ। आयोजन अनुमंडल पदाधिकारी सह बाल विवाह निषेध पदाधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया। शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोगी संगठन बिहार ग्राम विकास परिषद के तत्वावधान में हुआ। शुरुआत बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ से हुई। स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह रोकने का संकल्प लिया। समाज में जागरूकता फैलाने की बात कही। इसके बाद स्कूल परिसर से गांव तक जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में बच्चों ने नारों से ग्रामीणों को बाल विवाह के नुकसान बताए। ‘ज्ञान का दीपक जलाना है, बाल विवाह मिटाना है’ जैसे नारे लगे। बच्चों ने लोगों से अपील की कि बाल विवाह बंद करें। हर बच्चे को शिक्षा का मौका दें।
