‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर अपने जादू से सबको दंग कर दिया है। शुक्रवार को इसने ‘हैवान’ की हेकड़ी निकाल दी और ‘मिर्जापुर द मूवी’ को भी पछाड़ दिया है। नीम करोली बाबा पर बनी यह फिल्म देश में अब ₹200 करोड़ के पार चली गई गई। जबकि ‘हैवान’ पहले दिन ₹5 करोड़ भी नहीं कमा सकी है।

डॉ. विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी ‘हनुमान अंश‘ की बंपर सफलता वाकई किसी चमत्कार की तरह है। महज ₹2 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म 36 दिनों में अब 8,581.5% का मुनाफा कमा चुकी है। पहले ऐसा लग रहा था कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ से टक्कर और अब ‘हैवान’ की रिलीज के बाद इस भक्ति ड्रामा फिल्म की कमाई घटेगी। लेकिन शुक्रवार को इसका उल्टा हुआ है। ‘हनुमान अंश’ ने दोनों ही फिल्मों से अधिक कमाई कर दंग कर दिया है।
हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
Sacnilk के मुताबिक, शुक्रवार को रिलीज के 36वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने देश में 5743 शोज से ₹10.50 करोड़ की नेट कमाई की है। एक दिन पहले गुरुवार को ₹10.00 करोड़ का कारोबार हुआ था। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹205.15 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹173.63 करोड़ हो गया है। यह फिल्म राइटर-डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डिटोरः दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है, जो नीम करोली बाबा के जीवन का वर्णन करती है। फिल्म में शोभिनव सत्या लीड रोल में हैं।
‘हैवान’ मूवी कलेक्शन
दूसरी ओर, अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ का पहले दिन बुरा हाल रहा। देश में 7224 शोज के बावजूद इसने ओपनिंग डे पर महज ₹3.00 करोड़ की नेट कमाई की है। जबकि ₹3.60 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। विदेशों में भी फिल्म का हाल बुरा है, जहां ₹1.00 करोड़ का ग्रॉस बिजनस हुआ है। ‘हैवान’ ने पहले दिन वर्ल्डवाइड ₹4.60 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
‘हनुमान अंश’ के शोज में ‘हैवान’ से 3 गुना अधिक भीड़
शुक्रवार को सिनेमाघरों में ‘हनुमान अंश’ के शोज में ‘हैवान’ की तुलना में तीन गुना से अधिक भीड़ भी देखने को मिली है। जबकि भक्ति-ड्रामा फिल्म के शोज की संख्या अक्षय-सैफ की फिल्म से कम हैं। ‘हनुमान अंश’ के 5743 शोज में शुक्रवार को औसतन 35% सीटों पर दर्शक नजर आए, वहीं नई रिलीज होने के बावजूद ‘हैवान’ के 7224 शोज में महज 11% सीटों पर ही दर्शक दिखे।
‘हैवान’ को दर्शकों से मिले हैं बुरे रिव्यूज, वीकेंड से भी आस नहीं
प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी ‘हैवान’ उनकी ही 10 साल पुरानी मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का रीमेक है। अक्षय कुमार और सैफ अली खान इस फिल्म से 18 साल बाद पर्दे पर एकसाथ नजर आए हैं। ऐसी उम्मीद थी कि ‘खिलाड़ी-अनाड़ी’ वाली यह जोड़ी कमाल करेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बल्कि फिल्म को बहुत ही नेगेटिव रिव्यूज मिले हैं। दर्शकों ने फर्स्ट डे फर्स्ट शो के बाद ही ‘हैवान’ को खारिज कर दिया। ऐसे में अब वीकेंड में भी इसकी कमाई में बहुत बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
‘हैवान’ का बजट और कास्ट
‘हैवान’ में सैफ अली खान, अक्षय कुमार, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। जबकि इसमें मोहनलाल ने कैमियो भी है, जो मूल मलयालम फिल्म के लीड हीरो हैं। चिंता की बात यह भी है कि फिल्म का बजट ₹100 करोड़ से अधिक है। ‘हैवान’ अक्षय कुमार और सैफ अली खान दोनों के लिए बड़ा झटका है। ऐसा इसलिए कि लगाता फ्लॉप फिल्मों का दंश झेल रहे अक्षय को जहां ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘भूत बंगला’ ने लंबे समय बाद सफलता का स्वाद दिया था, वहीं ‘आदिपुरुष’ और ‘देवरा’ के बाद यह सैफ की बड़े पर्दे पर लगातार तीसरी फ्लॉप साबित होती दिख रही है।

