Bigg Boss 20 : बिग बॉस के घर में मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी का बदला हुआ अंदाज देखने को मिला। शो के शुरुआती 15 दिनों में शांत नजर आने वालीं रीति अब काफी आक्रामक हो गई हैं। वीकेंड का वार में सलमान खान की फटकार के बाद रीति ने काजी तौकीर से जमकर बहस की। इस दौरान उन्होंने काजी को गालियां तक दे दीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
काजी की बीमारी पर सलमान ने खोला राज
दरअसल, वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने घरवालों को बताया कि काजी तौकीर बीमार नहीं थे, बल्कि बीमारी का नाटक कर रहे थे। सलमान के इस खुलासे के बाद घर के कई सदस्य काजी से नाराज हो गए और उन्हें खरी-खोटी सुनाने लगे।
इस दौरान रीति तिवारी का गुस्सा सबसे ज्यादा देखने को मिला। उन्होंने काजी को ढोंगी और मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहे लोगों के लिए कलंक तक कह दिया। रीति ने काजी को चेतावनी दी कि वह उनसे दूर रहें और उनकी तरफ देखने की भी कोशिश न करें।
तेरे बाप की नौकर हूं क्या?
बहस के दौरान काजी ने रीति से कहा कि वह उनका म्यूट बटन दबा रहे हैं। इस बात पर रीति और भड़क गईं। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा, “म्यूट बटन क्या होता है? तू है कौन? किससे बात कर रहा है? तेरे बाप की नौकर हूं क्या?” रीति के इस बयान के बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। काजी ने भी उन्हें अपने पिता पर टिप्पणी न करने और गाली न देने की बात कही। घर के बाकी सदस्यों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।
रीति ने मांगी माफी, फिर भी हुईं ट्रोल
गुस्सा शांत होने के बाद रीति ने काजी को गाली देने के लिए माफी मांग ली। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स उनके व्यवहार से नाराज नजर आए। कई लोगों ने काजी के पिता पर टिप्पणी करने और अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर रीति की आलोचना की। वहीं, शो में इस हफ्ते रोहैद खान का सफर खत्म हो गया है। इसके साथ ही बिग बॉस 20 में विवाद और ड्रामा लगातार बढ़ता जा रहा है।
