संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Viral Video ABVP Protest: जिले में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित तौर पर हुए अभद्र व्यवहार और घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस शर्मनाक घटना के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार आक्रोश मार्च निकाला।
हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रदर्शन करते हुए आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि घटना में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी उपद्रवियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।
छात्र नेताओं ने कहा कि दिनदहाड़े नाबालिग छात्र-छात्राओं के साथ इस तरह का अमर्यादित आचरण न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि पूरे समाज को शर्मसार करने वाला है।
निजता की रक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पूरे जिले के लोग स्तब्ध और आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों ने जोर देकर कहा कि पुलिस प्रशासन को नाबालिगों की पहचान और उनकी गरिमा की रक्षा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करनी चाहिए।
इस घटना को अंजाम देने वालों के साथ-साथ फुटेज को गलत इरादे से वायरल करने वाले हर एक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई की जानी चाहिए।
कोचिंग व शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा कड़ी करने की मांग
मार्च में शामिल छात्र नेताओं ने जिला प्रशासन से जिले भर के शिक्षण संस्थानों, स्कूलों और कोचिंग सेंटरों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय जब विद्यार्थी कोचिंग और स्कूल आते-जाते हैं, उस दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिस की विशेष गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।
कार्यकर्ताओं ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि जब तक इस मामले में शामिल सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और छात्राओं की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। इस आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में अभाविप से जुड़े छात्र और कार्यकर्ता शामिल रहे।
