रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री करते ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल धुल चर्चा में आ गए हैं। घर में कदम रखते ही उन्होंने अपने उस विवादित वीडियो पर बड़ा खुलासा किया है, जिसको लेकर हाल ही में इंटरनेट पर भारी बवाल मचा हुआ था।
को-कंटेस्टेंट आसिफ खान और काजी तौकीर से बातचीत के दौरान नकुल ने न सिर्फ उस बयान का असली सच बताया, बल्कि अपने इरादों पर भी खुलकर बात की। हाल ही में नकुल धुल का एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद उन पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करने और उन्हें परेशान करने को बढ़ावा देने के आरोप लगे थे।
इस घटना को याद करते हुए नकुल ने बताया कि असल में हुआ क्या था। उन्होंने कहा, एक शख्स ने मुझसे कहा था कि उसे लड़कियों से डर लगता है। इस पर मैंने पलटकर प्रतिक्रिया दी थी— ‘अबे भाई, तुम लड़कियों से डरते हो? लड़कियां खुद तुमसे इतनी डरी हुई हैं। कभी वो रात को चल रही हों और उनके पीछे तुम भाग के भी निकल जाओ, ठीक है? और तुम लड़कियों से डरते हो?’
मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया
नकुल ढुल ने घर के सदस्यों को समझाया कि उनके कहने का उद्देश्य कुछ और ही था, जिसे पूरी तरह से तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने कहा, मेरा कॉन्टेक्स्ट इसमें यह था कि तुमने महिलाओं में इतना खौफ पैदा कर रखा है, और फिर भी तुम खुद डरने का नाटक कर रहे हो। लेकिन लोगों ने आधी-अधूरी क्लिप काटकर यह नैरेटिव फैला दिया कि नकुल बोल रहा है— इनके पीछे भागो, बंदा निकालो।
नकुल ने आगे कहा कि जब यह क्लिप संबंधित पक्षों और लोगों तक पहुंची, तो स्थिति काफी बिगड़ गई। उन्होंने माना कि इस गलतफहमी की वजह से मामला काफी ज्यादा एस्केलेट हो गया।
मैं पूरी तरह प्रो-फेमिनिस्ट हूं
अपने चरित्र और विचारधारा का बचाव करते हुए नकुल ने जोर देकर कहा कि वह हमेशा से महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग मुझे शुरू से फॉलो करते हैं, वे जानते हैं कि मैं एक प्रो-फेमिनिस्ट इंसान हूं। महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा को लेकर मेरा स्टैंड हमेशा साफ रहा है।
कानूनी कार्रवाई पर भी की बात
नकुल धुल ने यह भी स्वीकार किया कि इस विवाद के बाद उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और मामला कानूनी चौखट तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर एक केस दर्ज कराया गया है और अदालत में इसकी सुनवाई जारी है।