रियालिटी शो बिग बॉस 20 में इन दिनों ड्रामे और विवादों का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है। शो के घर के अंदर चल रही खींचतान के बीच एक बड़ा धमाका हुआ है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मशहूर अभिनेता-नेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी का शो से अचानक पत्ता साफ हो गया है।
वीकेंड का वार में सलमान खान की फटकार के बाद आए इस मिड-वीक एविक्शन ने न सिर्फ घर के सदस्यों को बल्कि फैंस को भी हैरान कर दिया है। यह ‘बिग बॉस 20’ का पहला मिड-वीक एविक्शन है, जिसमें फैसला आम जनता की वोटिंग के नहीं, बल्कि सीक्रेट रूम में कैप्टेंसी के तीनों दावेदार- माही विज, यंग डीएसए और उदिति सिंह की आपसी सहमति से फैसला लिया गया।
घर के तीन प्रमुख कंटेस्टेंट्स—उदिति सिंह, माही विज और यंग डीएसए को मेकर्स की तरफ से एक खास ‘वरदान’ मिला था। इस वरदान के तहत उन्हें किसी एक सदस्य की लाइफलाइन छीनने का अधिकार दिया गया था। तीनों सदस्यों ने आपसी सहमति से रीति तिवारी को निशाना बनाने का फैसला किया। रीति पहले ही गेम में अपनी पहली लाइफ गंवा चुकी थीं, जिस वजह से यह वार सीधा उनके लिए काल साबित हुआ। इसके बाद रीति को अचानक अपना सामान पैक कर शो से बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
डिस बैटल में पार की थी मर्यादा, सलमान खान ने लगाई थी फटकार
दरअसल, रीति तिवारी का यह एविक्शन हाल ही में हुए ‘डिस बैटल’ टास्क के बाद गरमाए विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। इस टास्क में रीति की उदिति सिंह और काजी तौकीर के साथ तीखी बहस हो गई थी। रैप बैटल के दौरान रीति की टिप्पणियां हद से ज्यादा व्यक्तिगत और आपत्तिजनक हो गई थीं।
वीकेंड का वार में शो के होस्ट सलमान खान ने इस मुद्दे को सख्ती से उठाया था। सलमान ने रीति के इस आचरण को अब तक का “सबसे खराब डिस” करार दिया और साफ शब्दों में कहा कि नेशनल टेलीविजन पर शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। सलमान ने उन्हें यह भी याद दिलाया कि वह एक जाने-माने जन प्रतिनिधि की बेटी हैं और उनके व्यवहार की तुलना ‘बिग बॉस’ के पुराने सीजन में नजर आईं डॉली बिंद्रा के गुस्से से कर डाली।
बिग बॉस 20 से अब तक कौन-कौन हुआ बेघर?
रीति तिवारी के इस मिड-वीक एविक्शन से पहले बिग बॉस 20 के सफर से दो सदस्य आधिकारिक तौर पर बाहर हो चुके हैं। इसमें रोहेद खान और ईशा रिखी का नाम शामिल है। अब रीति तिवारी का अचानक इस तरह बिना नॉर्मल नॉमिनेशन के बेघर होना बिग बॉस 20 के गेम को एक नया मोड़ दे चुका है।