‘बिग बॉस 20’ का इस सीजन का दूसरा ‘वीकेंड का वार’ शनिवार को टेलीकास्ट होने के लिए पूरी तरह तैयार है और शो का पहला प्रोमो भी सामने आ चुका है. जहां सीजन का पहला ‘वीकेंड का वार’ काफी हल्का-फुल्का रहा था और सलमान खान ने किसी भी कंटेस्टेंट को सीधी फटकार नहीं लगाई थी, वहीं इस हफ्ते के प्रोमो में ‘भाईजान’ का एकदम गुस्सैल रूप देखने को मिल रहा है.
प्रोमो में सलमान कई घरवालों पर बरसते और उनसे तीखे सवाल पूछते नजर आ रहे हैं. इस पूरे हफ्ते घर के अंदर कई ऐसे मुद्दे उठे थे, जिन पर दर्शकों को उम्मीद थी कि सलमान खान बात जरूर करेंगे, और प्रोमो से साफ जाहिर है कि इस बार क्लास लगना तय है.
स्काउट पर भड़के सलमान
घर के कैप्टेंसी टास्क के दौरान स्काउट और अरिश्फा खान के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी. इस लड़ाई के दौरान अरिश्फा की कुछ बातों पर सोशल मीडिया पर काफी हंगामा भी हुआ. हालांकि, झगड़े के बाद स्काउट कैमरे के सामने आकर अपनी गेमिंग कम्युनिटी से यह कहते दिखे कि वे इस मामले को देखें. इसी बात को लेकर सलमान खान ने क्लास लगा दी. सलमान ने स्काउट से सीधे शब्दों में पूछा कि अगर आज वे उनसे कुछ कह दें, तो क्या वे अपनी यूट्यूब कम्युनिटी से उनके बारे में भी यही सब कहेंगे?
यहां देखिए प्रोमो
आसिफ खान से पूछे कड़े सवाल
घर में नॉमिनेशन को लेकर चर्चा करने की वजह से इस हफ्ते आसिफ खान, स्काउट और रोहेद को सीधे तौर पर नॉमिनेट कर दिया गया था. इसके बाद आसिफ खान काफी गुस्से में दिखे और उन्होंने शो को बायस्ड बताते हुए खुद के साथ अन्याय होने का दावा किया. प्रोमो में सलमान खान आसिफ के इस दावे पर भी उनसे कड़े सवाल करते हुए नजर आ रहे हैं.
क्या माही विज ने यंग को दी गाली?
इस हफ्ते घर में यंग डीएसए और माही विज की दोस्ती में भी दरार आती दिखी. प्रोमो में सलमान खान माही से पूछते हैं कि क्या उन्होंने यंग डीएसए के खिलाफ अभद्र भाषा या गाली का इस्तेमाल किया था. इसके जवाब में माही सफाई देते हुए कहती हैं कि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने ऐसा कुछ भी कहा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सलमान इन दोनों के बीच पैदा हुई इस गलतफहमी को कैसे सुलझाते हैं.
क्या काजी तौकीर का समर्थन करेंगे सलमान?
‘बिग बॉस 20′ के हालिया एपिसोड में कनिका मान और घर के कुछ अन्य सदस्यों ने काजी तौकीर पर डबल मीनिंग बातें करने का आरोप लगाया था. काजी के ‘लॉलीपॉप’ और ‘गंजी गुड़िया’ वाले कमेंट्स पर घर में जमकर बवाल देखने को मिला था.
हालांकि, इस पूरे विवाद के दौरान काजी यही कहते रहे कि उनका इरादा गलत नहीं था और घरवाले बिना वजह बात का बतंगड़ बना रहे हैं. अब शनिवार के एपिसोड में ही साफ हो पाएगा कि सलमान खान इस मुद्दे पर काजी का साथ देते हैं या नहीं.
—- समाप्त —-