Bigg Boss 20 : भोजपुरी स्टार और बीजेपी नेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इन दिनों बिग बॉस 20 के घर में अपनी बातों और निजी जिंदगी के किस्सों को लेकर चर्चा में हैं। हालिया एपिसोड में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति और पिता मनोज तिवारी से जुड़े कई पहलुओं पर खुलकर बात की। हालांकि, उनका एक बयान सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया और इसके बाद उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।
‘हर महीने 25 हजार रुपये मिलते हैं’
घर में बातचीत के दौरान रीति ने बताया कि उन्हें अपने खर्च के लिए हर महीने करीब 25 हजार रुपये मिलते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार खर्च संभालने के लिए उन्हें दिन में दो बार वड़ा पाव खाकर भी काम चलाना पड़ता है। रीति की यह बात सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं।
‘पापा ने करियर में मदद करने से मना किया’
रीति ने यह भी कहा कि लोग उन्हें मनोज तिवारी की बेटी होने की वजह से विशेषाधिकार प्राप्त मानते हैं। लोगों को लगता है कि वह ‘चांदी की चम्मच’ लेकर पैदा हुई हैं, लेकिन उनकी जिंदगी ऐसी नहीं रही। उनके पिता ने उन्हें अपने करियर में मदद लेने से मना किया है। वह चाहते हैं कि रीति अपने दम पर आगे बढ़ें और अपनी अलग पहचान बनाएं।
सोशल मीडिया पर क्यों हो रहीं ट्रोल?
रीति के 25 हजार रुपये वाले बयान पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए। कुछ लोगों ने इसे संघर्ष बताने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कई परिवारों के लिए 25 हजार रुपये बड़ी रकम है। वहीं, कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि रीति दर्शकों की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही हैं।
कौन हैं रीति तिवारी?
रीति तिवारी मनोज तिवारी और उनकी पहली पत्नी रानी तिवारी की बेटी हैं। माता-पिता के अलग होने के बाद वह अपनी मां के साथ मुंबई में रहीं। इसके बावजूद उनका पिता और उनके परिवार के साथ रिश्ता बना रहा। मनोज तिवारी ने बाद में दूसरी शादी की और उनकी दो बेटियां हैं।