‘बिग बॉस 20’ में पहला एविक्शन होने वाला है। जी हां, इस बार वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने तीनों नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट आसिफ खान, स्काउट ओपी और रोहेद खान में से एक को ‘घर से बेघर’ होने का फरमान सुना दिया है। साथ ही कंटेस्टेंट्स की क्लास भी लगाई है।
मेकर्स ने ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड का जो प्रोमो जारी किया है, उसमें सलमान खान यंग DSA और माही विज के बीच की गलतफहमी को दूर करते नजर आ रहे हैं। साथ ही वह स्काउट को भी कॉल-आउट करेंगे।
‘बिग बॉस 20’ एविक्शन: रोहेद खान घर से बेघर
‘बिग बॉस तक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहेद खान ‘बिग बॉस 20’ के घर से बेघर होने वाले पहले कंटेस्टेंट बन गए हैं। जी हां, सभी तीन नॉमिनेटेड सदस्यों में से रोहेद खान को सबसे कम वोट मिले हैं, जिसके बाद शो में उनका सफर यही खत्म हो गया है। इससे पहले कैप्टेंसी टास्क के दौरान ‘2X रूम’ की पावर का इस्तेमाल करते हुए कनिका मान ने रोहेद से उनका ‘एक्सट्रा जीवनदान’ छीन लिया था। ऐसे में उनके पास इस बार बचने का कोई विकल्प नहीं था।
सलमान ने यंग को समझाया, बताया- माही ने आपको गाली नहीं दी
बीते दिनों यंग इस बात से बहुत दुखी हुए थे कि माही विज ने कलर वाले टास्क में उनका साथ नहीं दिया। बाद में उन्हें बताया गया कि माही ने उनको गाली दी। इसके बाद हमने यंग को रोते हुए भी देखा था। अब सलमान ने यह गलतफहमी दूर की। उन्होंने पहले माही से पूछा कि क्या उन्होंने गाली दी थी? फिर होस्ट ने यंग से कहा कि यदि उनके दिल को किसी बात ने चोट पहुंचाई, तो उन्हें सीधे-सीधे माही से जाकर बात करनी चाहिए थी। सलमान ने यंग के सामने यह साफ किया कि माही ने उन्हें कोई गाली नहीं दी थी। बल्कि वह गाली सिचुएशन को लेकर थी।
स्काउट ओपी और आसिफ खान की भी लगी क्लास
बताया जाता है कि इसी के साथ सलमान ने स्काउट ओपी की भी क्लास लगाई है। सलमान ने उस खास घटना का जिक्र किया, जब स्काउट ने एक कैमरे के सामने जाकर अपने ‘गेमर ग्रुप’ से विरोधियों को ट्रोल करने को कहा। सलमान ने पूछा किया अगर वह सख्ती बरतते हैं तो क्या स्काउट उनके लिए भी ऐसे ही कहेंगे! इसके साथ ही सलमान ने आसिफ खान के आक्रामक बर्ताव पर भी निशाना साधा। दोनों ही कंटेस्टेंट ने माफी मांग ली।
‘बिग बॉस 20’ में दिखेंगे तमन्ना, सिद्धार्थ, मुनव्वर, सोनाली बेंद्रे और अर्जुन
शुक्रवार को हुई ‘वीकेंड का वार’ शूटिंग के दौरान ‘बिग बॉस 20’ के सेट पर मुनव्वर फारूकी, सोनाली बेंद्र और अर्जुन बिजलानी को स्पॉट किया गया। ये अपने नए शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ को प्रमोट करने पहुंचे हैं। जबकि इसके साथ ही सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया भी ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में नजर आएंगे और अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वन’ को प्रमोट करेंगे।