डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, अगले सात दिनों यानी 1 दिसंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क (सूखा) बने रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हालांकि, अगले दो दिनों (25 और 26 नवंबर) तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इसके बाद अगले पांच दिनों तक मौसम को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राज्य भर में मौसम शुष्क रहा
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य भर में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। सुबह के समय पूर्णिया और गयाजी जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया, जहां सबसे कम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस से 32.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे अधिक तापमान भभुआ (कैमूर) में 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अरवल जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान
वहीं, न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस से 17.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अरवल जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां सुबह और रात के समय अच्छी-खासी ठंड महसूस की गई। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में कोई बदलान की संभावना नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन के समय अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। सुबह के समय कोहरे के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।