CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विभिन्न समीक्षा बैठकों और स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक वह मंत्रालय, महानदी भवन में दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक लेंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक उच्च शिक्षा और विज्ञान एंव प्रौद्यिगिकी की समीक्षा करेंगे. वहीं नीजी होटल में आयोजित स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स में शामिल होंगे.
CM साय आज करेंगे डिजिटल क्रिएटर्स का सम्मान
रायपुर. छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन आज किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के यूट्यूबर्स, इंस्टाग्रामर्स और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित करेंगे. समारोह में 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 उपश्रेणियों में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मान दिया जाएगा. विजेताओं को 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. कार्यक्रम में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के 6 विजेता भी शामिल होंगे. वहीं प्रसिद्ध डिजिटल क्रिएटर राज शमानी और आरजे शरत वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे. समारोह में भजन क्लबिंग के जरिए भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. इसके साथ ही बस्तर रैम्प वॉक के माध्यम से आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा की झलक भी दिखाई जाएगी.
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए सह प्रभारियों का पहला दौरा आज
रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त सह प्रभारी हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल आज अपने पहले दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे. दोनों सह प्रभारी दोपहर 3 बजे दिल्ली से रायपुर आएंगे. एयरपोर्ट से सीधे गांधी मैदान जाएंगे, जहां संविधान रक्षा मार्च के आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे. दोनों नेता कल आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च कार्यक्रम में भी शामिल होंगे.
220 पदों पर भर्ती के लिए आज रोजगार मेला
बलौदाबाजार. जिले में आज 25 नवंबर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर में लगेगा. इसमें अलग-अलग निजी कंपनियों द्वारा कुल 220 पदों पर भर्ती की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को 9,000 रुपये से लेकर 45,000 रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा. रोजगार मेले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 07727-299443 पर संपर्क कर सकते हैं.
बिलासपुर और मुंगेली जिले के प्रवास पर रहेंगे डिप्टी CM अरुण साव
बिलासपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव 25 नवंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर और मुंगेली जिले के प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान धार्मिक दर्शन, सामाजिक कार्यक्रमों और नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे. सुबह 9 बजे रतनपुर पहुंचकर मां महामाया देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद कोटा और तखतपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. वहीं, मुंगेली जिले के बरेला और जरहागांव में भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दोपहर 2 बजे अरुण साव लोरमी के देवरहट पहुंचेंगे. यहां कश्यप समाज भवन का उद्घाटन करेंगे. साथ ही आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे. शाम 6 बजे उप मुख्यमंत्री लोरमी पहुंचेंगे, जहां मानस मंच में जन्मोत्सव एवं भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित होगा. इसके बाद रात 8:30 बजे मुंगेली के विश्राम गृह मैदान में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे. रात 10:30 बजे वे बिलासपुर पहुंचेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H