CG Morning News : रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. वह आज गृहग्राम बगिया जाएंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह दोपहर 3 बजे रायपुर हेलीपैड से बगिया के लिए होंगे रवाना. मुख्यमंत्री बगिया में रात्रि विश्राम करेंगे.
दिल्ली से लौटेंगे भूपेश बघेल
रायपुर. दिल्ली दौरे से आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वापस लौटेंगे. दोपहर 2:20 बजे दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे. दिल्ली में राहुल गांधी के निवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए बघेल दिल्ली गए थे.
महिला टी-20 में छत्तीसगढ़ ने जम्मू-कश्मीर को हराया
रायपुर. गुजरात के सूरत में बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट के सातवें मैच में 6 नवंबर को छत्तीसगढ़ ने जम्मू-कश्मीर को पराजित कर दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 138 रन बनाए। इसमें नेहा बडवाइक ने 56 और कप्तान कृति गुप्ता ने 37 रन बनाए. गेंदबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की ओर से बिस्माह हसन एवं संध्या बलकर ने 2-2 विकेट प्राप्त किए. जीत के लिए 139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू की टीम 7 विकेट पर 118 रन बनाकर मैच 20 रन से हार गई. इसमें चित्रा सिंह तथा शिवानी गुप्ता ने 41-41 रन बनाए. गेंदबाजी करते हुए प्रीति यादव ने 4 ओवर में 8 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.
‘बातों-बातों’ में पटाखे जलाने के दौरान सावधानी पर होगी चर्चा
रायपुर. आकाशवाणी रायपुर के प्रादेशिक समाचार एकांश के साप्ताहिक कार्यक्रम ‘बातों-बातों’ में इस बार दीपावली त्यौहार में पटाखे जलाने के दौरान सावधानी बरतने और आंखों पर होने वाले प्रभाव के संबंध में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दिनेश मिश्रा के साथ भेंटवार्ता का प्रसारण होगा. यह सुबह 9 बजे आकाशवाणी केन्द्र रायपुर द्वारा एफ.एम. और प्राईमरी चैनल पर प्रसारण होगा. इसे छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केंद्र रिले करेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H