Haryana Morning News : पंचगांव देश में सबसे प्रदूषित, चौकीदारों का मानदेय बढ़ा; 966 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देगी सरकार समेत सुबह की बड़ी खबरों पर एक नजर


Haryana Morning News : हरियाणा में शनिवार, 7 नवंबर की सुबह कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। प्रदेश में प्रदूषण का स्तर चिंता बढ़ा रहा है। वहीं, ग्रामीण चौकीदारों के मानदेय में बढ़ोतरी, दवा दुकानों पर कार्रवाई और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की तैयारी भी चर्चा में है। पढ़ें सुबह की प्रमुख खबरें।

1. पंचगांव के बाद बल्लभगढ़ की हवा भी बेहद खराब, 9 शहरों का AQI 300 पार

हरियाणा में प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। 7 नवंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के 9 शहरों का AQI 300 के पार दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ 397 AQI के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा। गुरुग्राम में 368, भिवानी में 353, हिसार में 333, मानेसर में 332, बहादुरगढ़ में 328, फरीदाबाद में 313, चरखी दादरी में 310 और रोहतक में 306 AQI दर्ज हुआ। प्रदूषण के चलते दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां भी लागू हैं।

2. हरियाणा के ग्रामीण चौकीदारों को अब मिलेंगे 15,221 रुपए महीने

हरियाणा सरकार ने ग्रामीण चौकीदारों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की है। अब उन्हें हर महीने 15,221 रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 6 नवंबर को पंचकूला में आयोजित ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में उनके लिए बढ़ाए गए लाभों की शुरुआत की। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले चौकीदारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

3. हरियाणा में 966 दवा दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड, जांच में मिली गड़बड़ियां

प्रदेश में दवाओं की बिक्री और गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छह महीने के अभियान के दौरान 966 दवा बिक्री लाइसेंस और 12 मैन्युफैक्चरिंग व ब्लड सेंटर लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। विभाग ने 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच 13,590 दवा बिक्री केंद्रों और 423 मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच में 11 दवाओं के नमूने घटिया गुणवत्ता के पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर 64 मामलों में अभियोजन की कार्रवाई भी शुरू की गई है।

4. प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देगी सरकार, 5 फसलों की पहचान होगी

हरियाणा में किसानों की आमदनी बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार नई योजना पर काम कर रही है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने संबंधित विभागों को कम से कम पांच संभावनाशील फसलों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इनमें हल्दी, लाल मिर्च और अदरक को प्राथमिकता देने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए खेती का क्षेत्र, उत्पादन, किसानों का पंजीकरण और फसलों के प्रमाणीकरण का डेटा तैयार होगा। HAFED के जरिए इन फसलों की खरीद और बाजार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी तलाश की जाएगी।

5. पंजाब और हरियाणा को हिमाचल को देनी होगी 11,973 मिलियन यूनिट बिजली

भाखड़ा-नांगल और ब्यास परियोजनाओं से जुड़े दशकों पुराने बिजली विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। अदालत ने पंजाब और हरियाणा को हिमाचल प्रदेश को 11,973 मिलियन यूनिट बिजली का बकाया देने का निर्देश दिया है। यह बिजली 20 साल के दौरान दी जाएगी। इसके लिए सालाना 653 मिलियन यूनिट की आपूर्ति का कार्यक्रम तय किया गया है। अदालत ने तीनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के निपटारे के लिए कैशलेस व्यवस्था को मंजूरी दी है।

6. अंबाला का शहीद स्मारक 15 नवंबर से आम लोगों के लिए खुलेगा, पहले महीने फ्री एंट्री

अंबाला छावनी में 1857 की आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक 15 नवंबर से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर पहले एक महीने तक रोजाना 500 लोगों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा। हालांकि, फ्री एंट्री के लिए भी टिकट बुक कराना जरूरी होगा। ऊर्जा मंत्री अनिल विज के मुताबिक, स्मारक में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। लोग ambalawarmemorial.com पर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। परिसर में भी टिकट बुकिंग की सुविधा रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  



Source link

Related posts

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 7 नवंबर 2026 की सुबह की बड़ी खबरें और अन्य समाचार – aaj ki taza khabar 7 november 2026 morning top news headlines ntc

CG Morning News : गृहग्राम बगिया जाएंगे CM साय… दिल्ली से लौटेंगे भूपेश बघेल… महिला टी-20 में छत्तीसगढ़ ने जम्मू-कश्मीर को हराया… पढ़ें और भी खबरें

School Assembly News Headlines: 7 November School Assembly National, International And Sports News For Students, Teachers