Fact Check: भीम आर्मी की तीन साल पुरानी बंगाल रैली के वीडियो को अभी का बताकर किया जा रहा वायरल 


भीम आर्मी की रैली के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो साल 2023 में भीम आर्मी द्वारा बंगाल में ‘संविधान बचाओ यात्रा’ का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोगों को ‘जय भीम’ के झंडे और पोस्टर पकड़े हुए देखा जा सकता है। साथ ही, लोग ‘जय भीम’ और ‘बाबा साहेब अमर रहें’ के नारे भी लगा रहे हैं। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल में हाल ही में निकाली गई एक रैली का है। कई यूजर्स राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि राज्य का माहौल खराब करने के लिए वह भीम आर्मी को बढ़ावा दे रही है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि पुराना है। दरअसल, साल 2023 में भीम आर्मी ने बंगाल में ‘संविधान बचाओ यात्रा’ निकाली थी। यह वीडियो उसी रैली के दौरान का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘राष्ट्र प्रथम’ ने 14 अक्टूबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “सच सच बताइयेगा, आज से पहले आपने कभी पश्चिम बंगाल में जातिवाद या जातिवादी पार्टी के बारे में सुना था? पर हिंदू एकता का चूरन देने वाली BJP ने पश्चिम बंगाल में जाते ही अपनी बी टीम – भीम आर्मी – लॉन्च कर दी ये जहां भी जाएंगे, जातिवाद ही फैलाएँगे। BJP ही जातिवाद की असली जड़ है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Ravidas Samaj Tv’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 9 अक्टूबर 2023 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो भीम आर्मी की एक रैली का है।

वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि पोस्ट में भीम आर्मी की संविधान बचाओ यात्रा लिखा है। हमने इन कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Rishi Ram Prosad’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। इसे 9 अक्टूबर 2023 को शेयर करते हुए बांग्ला भाषा में बताया गया है कि यह वीडियो कोलकाता में भीम आर्मी की संविधान बचाओ यात्रा का है। 

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘Bhim Rao Ambedkar Kamiti’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिली। इस पोस्ट को 8 अक्टूबर 2023 को शेयर किया गया था। इसमें रैली की कई तस्वीरें मौजूद हैं। इनमें लोगों को वायरल वीडियो जैसे हूबहू पोस्टर पकड़े हुए देखा जा सकता है। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, कोलकाता में हुई संविधान बचाओ यात्रा में शामिल होने के लिए भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया पहुंचे थे।

अधिक जानकारी के लिए हमने कोलकाता में ‘दैनिक जागरण’ के ब्यूरो चीफ जेके बाजपेयी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। 

क्या है संदर्भ?

सोशल मीडिया पर अक्सर बंगाल को लेकर इस तरह की कई फर्जी और भ्रामक पोस्ट वायरल होती रहती हैं। कभी कोलकाता एयरपोर्ट पर बनी मस्जिद तोड़ने के नाम पर बांग्लादेश का वीडियो शेयर किया जाता है, तो कभी बंगाल और बांग्लादेश के बॉर्डर से संबंधित एआई-निर्मित वीडियो वायरल किया जाता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि इस पेज को 10 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं और इसे 24 जुलाई 2017 को बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भीम आर्मी की रैली के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो साल 2023 में भीम आर्मी द्वारा बंगाल में ‘संविधान बचाओ यात्रा’ का है।


  • Claim Review : बंगाल में बीजेपी के आते ही भीम आर्मी ने रैलियां निकालनी शुरू कर दी हैं।
  • Claimed By : FB User राष्ट्र प्रथम
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















Contribute to Vishwas News

कॉरपोरेट और राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर सत्ता को हमेशा आइना दिखाने वाली फैक्ट चेक जर्नलिज्म सिर्फ और सिर्फ आपके सहयोग से संभव है। इस मुहिम में हमें आपके साथ और सहयोगी की जरूरत है। फर्जी और गुमराह करने वाली खबर के खिलाफ जारी इस लड़ाई में हमारी मदद करें और कृपया हमें आर्थिक सहयोग दें।

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें



Source link

Related posts

उत्तराखंड:मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, लगाए कई आरोप, ऑडियो से खुला षडयंत्र – Uttarakhand Minister Rekha Arya Crying Video Viral She Files A Complaint Against Her Husband In Dehradun

ट्रेन के 3AC कोच में पान वाले ने खोल लिया खोखा, चूना लगाते वीडियो वायरल

न रूस की जूली, न भागलपुर का राहुल… सोशल मीडिया पर वायरल लव स्टोरी निकली फर्जी – viral russian love story fake bhagalpur rahul julie purnia video truth ntc rlch