मुकेश कुमार बघेल | फिरोजाबाद, फिरोजाबाद15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में तीमारदार से मारपीट की घटना का एक वीडियो गुरूवार को सामने आया है। बुधवार देर रात इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने पर डॉक्टरों ने मृतक के भाई के साथ मारपीट की। खास बात यह है कि घटना के समय वहां पुलिस भी मौजूद थी। मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी अपने पक्ष में धरना दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं।
मृतक के परिजन भी धरने पर बैठ गए और डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। अब पुलिस जांच में पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार है।

