दोपहर में फिर तेज धूप ने बढ़ाई गर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मिलेनियम सिटी में बृहस्पतिवार सुबह लोगों को मौसम में हल्के बदलाव से राहत मिली। सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच ठंडी हवाएं चलीं। इससे पिछले कई दिनों से तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। सुबह के समय मौसम सुहावना रहा और लोगों को घर से बाहर निकलने में भी ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
हालांकि, यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही। दोपहर होते-होते आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ गई। तेज धूप के कारण लोगों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों और बाजारों में भी दोपहर के समय गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण दिन में गर्मी का असर बना रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। खासकर दिन के समय लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी मामूली कमी दर्ज होने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव से सुबह और शाम के समय लोगों को राहत मिल सकती है, लेकिन दोपहर में गर्मी का असर अभी बना रह सकता है।