कोटा. आजकल की भागदौड़ भरी जीवनशैली में ज्यादातर घरों में सुबह का नाश्ता या तो जल्दबाजी में निपटा दिया जाता है या फिर लोग बाजार के अनहेल्दी पैकेट बंद स्नैक्स से काम चला लेते हैं. एक्सपर्ट शालू तिवारी का कहना है कि यदि थोड़ी सी तैयारी एक दिन पहले कर ली जाए, तो सुबह महज दस मिनट में घर पर ही ऐसा शानदार नाश्ता तैयार किया जा सकता है, जो स्वाद में चटपटा होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. यह पौष्टिक नाश्ता है प्रोटीन और फाइबर से भरपूर ‘स्प्राउट्स चाट’.
एक्सपर्ट शालू तिवारी के अनुसार, इस हेल्दी चाट को बनाने की असली तैयारी एक दिन पहले ही पूरी हो जाती है. सबसे पहले साबुत मूंग दाल को अच्छी तरह पानी में भिगोया जाता है और इसके बाद रात के समय इसे एक साफ सूती कपड़े में बांधकर रख दें. सुबह तक दाल में अच्छी तरह से अंकुर निकल आते हैं. अंकुरित होने के बाद दाल में प्रोटीन और पोषक तत्वों की मात्रा कई गुना बढ़ जाती है. इसके साथ ही, चाट बनाने से करीब एक से डेढ़ घंटे पहले सोया बड़ी को भी पानी में भिगो दें, ताकि वह अच्छी तरह फूलकर नरम हो जाए.
10 मिनट में ऐसे तैयार करें चटपटी स्प्राउट्स चाट
सुबह चाट तैयार करने के लिए सबसे पहले खीरा, ककड़ी, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च को बारीक काट लें. पानी में भिगोकर रखी गई फूली हुई सोया बड़ी को निचोड़कर चाकू से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक बड़े बर्तन में अंकुरित मूंग, बारीक कटी हुई सारी सब्जियां, कटी हुई सोया बड़ी और ताजा हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं. स्वाद को निखारने के लिए इसमें थोड़ा सा ऑरिगेनो पाउडर और काला नमक मिलाएं, हालांकि आप अपनी पसंद के अनुसार सफेद नमक का भी उपयोग कर सकते हैं. इसके बाद हल्की मिठास और चटपटेपन के लिए थोड़ा सा टोमेटो केचप मिलाएं, और यदि आप केचप पसंद नहीं करते तो इसकी जगह ताजा दही भी डाल सकते हैं. सबसे आखिर में ऊपर से थोड़ी सी नमकीन डालें और अच्छे से मिक्स करें, जिससे चाट में बेहतरीन कुरकुरापन आ जाता है. आप इसमें घर पर मौजूद भीगे हुए चने, मूंगफली, काजू-बादाम, मखाने या अनार के दाने मिलाकर इसे और भी अधिक पौष्टिक बना सकते हैं.
मांसपेशियों की मजबूती से लेकर वजन घटाने तक में मददगार
सेहत के लिहाज से यह नाश्ता बेहद फायदेमंद है. अंकुरित मूंग, सोया बड़ी और चने प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं, जो शरीर की मांसपेशियों को मजबूती देने और कोशिकाओं की मरम्मत के लिए आवश्यक होते हैं. अंकुरित दाल और कच्ची सब्जियों से शरीर को भरपूर मात्रा में फाइबर मिलता है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रखने वालों को काफी मदद मिलती है. इसके अलावा खीरा और ककड़ी में पानी की मात्रा अधिक होने से शरीर तरोताजा रहता है, जबकि टमाटर, हरा धनिया और मेवे जरूरी विटामिन व खनिज प्रदान करते हैं.
सेवन करते समय इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
इस नाश्ते का पूरा लाभ उठाने के लिए कुछ सावधानियां बरतना भी जरूरी है. अंकुरित दाल को इस्तेमाल करने से पहले हमेशा साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. चाट में नमकीन और टोमेटो केचप की मात्रा सीमित ही रखें, क्योंकि इनकी अधिकता से शरीर में अतिरिक्त नमक और चीनी जा सकती है, जिससे नाश्ते का सेहतमंद प्रभाव कम हो जाता है. वहीं, जिन लोगों को कच्चा अंकुरित अनाज पचाने में दिक्कत होती है या गैस की समस्या रहती है, वे स्प्राउट्स को कच्चा खाने के बजाय हल्का सा भाप में पकाकर (स्टीम करके) इस्तेमाल कर सकते हैं.