Kausambi News: करारी थाना क्षेत्र के जमदुआ गांव के पास बाइक सवार युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हमलावरों ने युवक को 43 सेकेंड के भीतर करीब 11 थप्पड़ जड़े दिए। एसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हिन्दुस्तान ऐसे किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का अफसर अली पुत्र एहशान अली मवेशियों की खरीद-फरोख्त करता है। उसकी ससुराल करारी के हिसामपुर में है। उसने बताया कि 13 सितंबर की शाम वह ससुराल से घर जा रहा था। जमदुआ के समीप गांव के ही रहने वाले विपक्षी ने पारा हसनपुर निवासी अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर रोक लिया।
इसके बाद थप्पड़ों की बारिश कर दी। बाइक से खींचकर सड़क पर पटक दिया। हमलावर पीड़ित से बार-बार तौबा करने के लिए कह रहे थे। पीड़ित का कहना है कि खर्च के लिए रुपये नहीं देने और शराब न पिलाने पर उसकी पिटाई की गई है। आरोपियों ने 45 हजार रुपये भी लूट लिए। पीड़ित ने एसपी सत्यनारायण प्रजापत से शिकायत की। इस संबंध में डीएसपी सौरभ सामंत का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई कराई जाएगी।
