महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के शिवनगर वार्ड में पिछले पांच दिन से मोटर जलने के कारण जलापूर्ति बाधित है। नपा 80 हजार रुपये बचाने की फिराक में है। इस वजह से वार्ड के लोग पांच दिन से सुबह-शाम कतार में लगकर पानी ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 10 हॉर्स पावर का यह मोटर एक लाख 20 हजार रुपये का है लेकिन 3100 घरों की सहूलियत के लिए इतना खर्च कर नया मोटर लगवाने की जगह पालिका ने जले हुए मोटर को बनने के लिए गोरखपुर भेज दिया है। वह अब तक नहीं आया। इस वार्ड में सुबह व शाम पांच हजार लीटर क्षमता का टैंकर भेजा जा रहा है, जो नाकाफी साबित हो रहा है।
शिवनगर वार्ड नगर का बड़ा वार्ड है। यहां करीब 3100 घरों में नगर पालिका की ओर से जलापूर्ति की जाती है। वार्ड के लोगों के अनुसार, रोजाना सुबह टैंकर आता है तो लंबी कतार लग जाती है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बाल्टी लेकर घंटों इंतजार करते हैं। कई बार तो टैंकर आने से पहले ही भीड़ इतनी हो जाती है कि आधे लोगों को बिना पानी लिए लौटना पड़ता है।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता पशुपतिनाथ गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा जनता भुगत रही है। मोटर खरीदने के लिए बजट नहीं है, यह बहाना है। शिवनगर सबसे बड़ा वार्ड है। पांच हजार आबादी प्यासी है और प्रशासन मौन है।
नया मोटर खरीदने में बरती जा रही लापरवाही: नगर पालिका के कर्मचारी बताते हैं कि 10 एचपी का नया मोटर करीब एक लाख 20 हजार रुपये में आता है। पुराने मोटर को रिवाइंड कराने में 30 से 40 हजार रुपये लगते हैं लेकिन उसकी भी कोई गारंटी नहीं होती।