उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। छह दिसंबर को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 11 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 4177 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। इस बार परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी में बदलाव किया गया है। सुबह और शाम की पाली में प्रश्नपत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक लाल बाबू मौर्य ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों और दिशा-निर्देशों को लेकर शुक्रवार को लोक सेवा आयोग में बैठक हुई। इसमें पुलिस के नोडल अधिकारी और जिले के नोडल अधिकारी शामिल हुए। बैठक में परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि पहले एक ही सेक्टर मजिस्ट्रेट दोनों पालियों में प्रश्नपत्र लेकर जाता था, लेकिन इस बार व्यवस्था बदल दी गई है। सुबह की पाली में प्रश्नपत्र ले जाने वाले अधिकारी की ड्यूटी शाम की पाली में नहीं लगेगी। दूसरी पाली के लिए दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी।
एक सप्ताह पहले निर्धारित होगी ड्यूटी
डीआईओएस ने बताया कि इस बार परीक्षा में लगाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी एक सप्ताह पहले ही निर्धारित कर दी जाएगी। इससे संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से अपनी जिम्मेदारी की जानकारी मिल सकेगी और परीक्षा की तैयारियां बेहतर ढंग से पूरी की जा सकेंगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा एक ही दिन में होगी। पहली पाली में अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह आठ बजे से होगी। सुबह 8:45 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। दूसरी पाली में रिपोर्टिंग दोपहर एक बजे से होगी। 1:45 बजे प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चलेगी।
तीन सीबीएससी समेत 11 विद्यालयों में बनाए गए केंद्र
जिले में तीन सीबीएससी समेत कुल 11 विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें भवन्स मेहता विद्याश्रम भरवारी, कस्तूरबा गांधी कन्या इंटर कॉलेज भरवारी, कौशाम्बी पब्लिक स्कूल कासिया, नेशनल इंटरमीडिएट कॉलेज भरवारी, श्री हुबलाल इंटरमीडिएट कॉलेज गौरा रोड, एसएवी इंटर कॉलेज सिराथू, कृष्णाकांत इंटर कॉलेज मंझनपुर, करारी इंटरमीडिएट कॉलेज, सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज सरायअकिल, डॉ. रिजवी स्प्रिंग फील्ड स्कूल करारी और महामाया राजकीय महाविद्यालय ओसा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।