MP Morning News: सीएम मोहन का मुंबई दौरा, बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन और व्यापार सम्मेलन; पढ़ें आज की बड़ी खबरें


शब्बीर अहमद, भोपाल। राज्य में आज एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुंबई में निवेशकों से मुलाकात कर केमिकल-पेट्रोकेमिकल उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगे, वहीं शाम को भोपाल लौटकर ‘विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन’ का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, संविदा बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन और पुलिस बाइक रैली जैसी खबरें भी सुर्खियों में हैं। आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य खबरों पर:

मुंबई दौरे पर सीएम मोहन यादव, निवेशकों से करेंगे चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मुंबई के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई अहम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे ‘इंडिया केम 2026’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और मुंबई के बड़े निवेशकों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश में केमिकल और पेट्रोकेमिकल उद्योगों को बढ़ावा देने पर फोकस करेंगे। निवेशकों को एमपी में निवेश के लिए आमंत्रित करने के बाद सीएम शाम को भोपाल वापस लौटेंगे और शाम 6 बजे कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में आयोजित ‘विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन’ में शामिल होंगे।

भोपाल में सजा उद्योग और व्यापार का महाकुंभ

राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आज से दो दिवसीय ‘विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन 2026’ का भव्य शुभारंभ हो रहा है। 22 और 23 अक्टूबर तक चलने वाले इस महाकुंभ में 400 से अधिक उद्यमी जुटेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जबकि इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य और व्यापारिक संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।

संविदा बिजली कर्मचारियों का आज ‘हल्का बोल’

अपनी लंबित मांगों और नियमितीकरण की परीक्षा कराने को लेकर मध्य प्रदेश के संविदा बिजली कर्मचारी आज सड़क पर उतरेंगे। दोपहर 12 बजे गोविंदपुरा बिजली कॉलोनी में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों का आरोप है कि ऊर्जा विभाग ने 24 जुलाई 2026 को परिपत्र जारी कर 31 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूर्ण करने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक आदेश पर कोई अमल नहीं हुआ है। ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन देने के बाद भी सुनवाई न होने से प्रदेश के करीब 5 हजार संविदा कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

‘नायक’ अवतार में नजर आएंगे सीएम मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब एक्शन मोड में ‘नायक’ अवतार में नजर आ सकते हैं। सीएम ने संकेत दिए हैं कि वे राज्य के किसी भी जिले का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। हाल ही में कलेक्टर-कमिश्नर्स और एसपी-आईजी की समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ‘जन विश्वास अभियान’ के दौरान सभी अधिकारी फील्ड में रहकर जन समस्याओं का निराकरण करें। जिन जिलों में समस्याएं लंबित हैं, वहां के कलेक्टर्स स्थिति को सुधारें। साथ ही राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, स्वास्थ्य और पीएचई विभाग के अधिकारियों को भी कार्यप्रणाली सुधारने की सख्त हिदायत दी गई है।

राष्ट्रीय एकता दिवस के लिए भोपाल से रवाना होगी पुलिस बाइक रैली

राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर के उपलक्ष्य में आज भोपाल के लाल परेड ग्राउंड से एक विशेष बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई जाएगी। डीजीपी कैलाश मकवाणा सुबह 10 बजे इस रैली को फ्लैग ऑफ करेंगे। इस रैली में 13 राज्यों के 139 और मध्य प्रदेश के 7 पुलिस राइडर्स समेत कुल पुलिस राइडर्स शामिल होंगे। यह दल ‘Fight Against Drugs’ का संदेश लेकर भोपाल से रवाना होगा और 31 अक्टूबर को एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



Source link

Related posts

Morning News Brief | Kharge Reservation Demand, Hardeep Puri-Epstein Photo, Yogi Police Allowance

Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जन सुनवाई, MLC चुनाव को लेकर भाजपा-राजद की बैठक

Morning and evening temperatures rise, dew appears on crops, and temperatures will reach 18.4 degrees Celsius.