Home Box OfficeRamayana Box Office: पहले 3 घंटे में ही कमा लिए ₹17Cr, US में टूटा रिकॉर्ड, जानिए ओपनिंग डे पर कितनी होगी कमाई – ramayana box office collection day 1 prediction earned rs 17 crore in first 3 hours broke record in us advance booking

Ramayana Box Office: पहले 3 घंटे में ही कमा लिए ₹17Cr, US में टूटा रिकॉर्ड, जानिए ओपनिंग डे पर कितनी होगी कमाई – ramayana box office collection day 1 prediction earned rs 17 crore in first 3 hours broke record in us advance booking

by BollywoodNewsAndMovie


Ramayana Box office: न‍ितेश त‍िवारी के डायरेक्‍शन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ की बॉक्‍स ऑफिस पर तगड़ी शुरुआत हुई है। पहले तीन घंटाें में ही इसने करीब ₹17 करोड़ की कमाई कर ली है। अमेर‍िका में एडवांस बुकिंग का र‍िकॉर्ड टूटा है। फ‍िल्‍म को तारीफ भी म‍िल रही है। आइए, जानते हैं क‍ि यह पहले द‍िन देश और दुनिया क‍ितनी कमाई कर सकती है।

Ramayana Part 1 Box Office Day 1 Prediction
Ramayana Box office: पहले 3 घंटे में ही कमा लिए ₹17Cr, US में टूटा रिकॉर्ड, जानिए ओपनिंग डे पर कितनी होगी कमाई
आख‍िरकार इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं। रणबीर कपूर, साई पल्‍लवी और यश की ‘रामायणम् पार्ट 1’ 100 से अध‍िक देशों में 50000 से अध‍िक स्‍क्रीन्‍स पर रिलीज हो गई है। अकेले भारत में इसे 9,000 स्‍कीन्‍स पर रिलीज गया है। इतने बड़े पैमाने पर आजतक कोई भारतीय फिल्‍म रिलीज नहीं हुई है। ऐसे में फिल्‍म की कमाई से उम्‍मीदें भी बहुत ज्यादा हैं। सुबह के शोज में इसका असर भी दिख रहा है। देश में सुबह के शोज के औसतन 20% से अध‍िक सीटों पर दर्शक नजर आ रहे हैं, जबकि IMAX स्‍क्रीन्‍स करीब-करीब हाउसफुल हैं। सुबह 11 बजे तक आए आंकड़ों में फिल्‍म ने ₹14.24 करोड़ की नेट कमाई कर ली है। दर्शकों की भीड़ दोपहर, शाम और रात के शोज में और बढ़ने वाली है। खास बात यह है कि रिलीज से पहले देश में ₹50 करोड़ की ग्रॉस एडवांस बुकिंग भी हुई है। आइए, समझते हैं कि ‘रामायणम्’ पहले दिन देश और विदेश में कितनी कमाई कर सकती है।

Sacnilk के मुताबिक, गुरुवार, 05 नवंबर को सुबह 10 बजे तक ‘रामायणम्’ ने हिंदी वर्जन के 5519 शो से ₹10.29 करोड़, कन्नड़ के 393 शोज से ₹1.88 करोड़, तेलुगू के 508 शोज से ₹1.38 करोड़, तमिल के 244 शो से ₹49 लाख और मलयालम के 132 शोज से ₹20 लाख की कमाई कर ली है। इस तरह सुबह की पहली धूप के साथ ही फिल्‍म का ग्रॉस कलेक्शन ₹16.80 करोड़ हो चुका है। यानी करीब ₹17 करोड़ की कमाई हो चुकी है।

‘रामायणम्’ को मिल रही तारीफ, वर्ड ऑफ माउथ से बढ़ेगी कमाई

इसमें कोई दोराय नहीं है कि ‘रामायणम् पार्ट 1‘ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने वाली है। हालांकि, इस पर दिवाली के त्‍योहार का असर भी पड़ेगा, क्‍योंकि यह ऐसा उत्‍सव है, जिसमें लोग घरों में व्‍यस्‍त रहते हैं। ऐसे में यह समय बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिहाज से बहुत फायदेमंद नहीं माना जाता है। लेकिन ‘रामायणम्’ को लेकर सुबह के शोज में ही जैसा रेस्‍पॉन्‍स आया है, यह फिल्‍म ऐतिहासिक अपवाद बनने की तैयारी में है। फिल्‍म्‍ को दर्शकों से शुरुआती तौर पर अच्‍छे रिव्‍यूज मिले हैं। खासकर VFX की तारीफ हो रही है। रावण और जटायु की भ‍िड़ंत वाले सीन ने दर्शकों को कायल बना दिया है। यह वर्ड ऑफ माउथ फिल्‍म के लिए बहुत फायदेमंद साबित होने वाला है। इससे ऑनसाइट टिकट बुकिंग भी बढ़ेगी।

‘रामायणम्’ की एडवांस बुकिंग

नितेश तिवारी के डायरेक्‍शन में बनी ‘रामायणम्’ रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में ही पहले दिन के लिए देश में 14.05 लाख टिकट बेच चुकी है। इससे ₹50.08 करोड़ की ग्रॉस कमाई हुई है। मेकर्स ने एकसाथ अगले 5 दिनों के लिए प्री-सेल्‍स बुकिंग शुरू कर दी थी। यानी 9 नवंबर तक की एडवांस बुकिंग पर नजर डालें तो यह गुरुवार सुबह 7 बजे तक ₹80.61 करोड़ तक पहुंच चुकी है। हिंदी भाषी बाजारों में फिल्‍म की सबसे ज्यादा मांग है, जबकि उसके बाद कन्नड़ और तेलुगू वर्जन की बुकिंग सबसे तेजी से बढ़ रही है। पांच दिनों की एडवांस बुकिंग में सबसे अध‍िक 82% कमाई हिंदी वर्जन से हुई है।

‘रामायणम्’ का बजट और टिकटों की कीमत

नमित मल्‍होत्रा और यश के प्रोडक्‍शन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ का बजट ₹2000 करोड़ है। जबकि इसके तीनों पार्ट का कुल बजट ₹4000 करोड़ है। इसकी भरपाई के लिए टिकटों की कीमत भी बढ़ाई है। फिल्‍म के टिकटों की सिंगल स्‍क्रीन्‍स थ‍िएटर में औसत कीमत ₹200 है। जबकि मल्‍टीप्‍लेक्‍सेज में यह ₹350 से ₹500 तक है। IMAX, 3D और 4DX फॉर्मेट की टिकटें ₹700 से ₹1000 तक हैं। जबकि प्रीमियम और लग्‍जरी फॉर्मेट की टिकटों की कीमत ₹3100 रुपये तक रखी गई है। हालांकि, इसके बावजूद फिल्‍म को लेकर क्रेज दिख रहा है। अकेले PVR-INOX की नेशनल चेन में ही ₹25 करोड़ से अध‍िक की एडवांस बुकिंग हुई है।

‘रामायणम्’ की ग्‍लोबल एडवांस बुकिंग, US में ‘पुष्‍पा 2’, ‘बाहुबली 2’ को पछाड़ा

सिर्फ देश में ही नहीं, बल्‍क‍ि विदेशों में भी ‘रामायणम् पार्ट 1’ की एडवांस बुकिंग जबरदस्‍त रही है। विदेशों में अब तक ओपनिंग वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग ₹40 करोड़ से ज्यादा है। जबकि देश और दुनिया मिला दें तो टोटल ग्‍लोबल एडवांस बुकिंग का आंकड़ा ₹140 करोड़ के पार जा चुका है। इस मामले में उत्तरी अमेरिका सबसे आगे है, जहां 4 नवंबर को होने वाले पेड प्रिव्यू सहित अब तक 3 मिलियन डॉलर (₹28.42 करोड़) से ज्यादा की कमाई एडवांस बुकिंग से हो चुकी है। अकेले अमेरिका में अपने ओपनिंग वीकेंड के लिए 51,000 से ज्यादा टिकट बिके हैं। इस तरह इसने रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ (24,000), शाहरुख खान की ‘जवान’ (28,000), अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ (35,000), जूनियर एनटीआर और राम चरण की ‘RRR’ (35,000), प्रभास की ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ (39,000) और ‘कल्कि 2898 AD’ (40,000) जैसी भारतीय ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

‘रामायणम् पार्ट 1’ बॉक्‍स ऑफिस प्रेडिक्‍शन

‘रामायणम्’ ने तगड़ी एडवांस बुकिंग की है। फिल्‍म को तारीफ भी मिल रही है। इससे ऑन साइट टिकट बुकिंग बढ़ेगी। दुनियाभर में यह जिस भव्‍य स्‍तर पर रिलीज हुई है, उससे भी लोगों को दिलचस्‍पी बढ़ी है। ऐसे में अनुमान यही है कि ‘रामायणम् पार्ट 1’ पहले दिन देश में ₹90 करोड़ से ₹120 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन और ₹75 करोड़ से ₹90 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर लेगी। वर्ल्‍डवाइड कमाई के मामले में यह पहले दिन ₹150 करोड़ से ₹180 करोड़ की ग्रॉस कलेक्‍शन करती हुई दिख रही है।

पहले द‍िन सबसे अध‍िक कमाई करने वाली टॉप-10 भारतीय फ‍िल्‍में

रैंक फ‍िल्‍म देश में नेट कमाई वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कमाई
1. पुष्‍पा 2: द रूल ₹164.25 करोड़ ₹275.01 करोड़
2. RRR ₹133.00 करोड़ ₹223.00 करोड़
3. बाहुबली 2 ₹121.00 करोड़ ₹217.00 करोड़
4. KGF Chapter 2 ₹116.00 करोड़ ₹159.00 करोड़
5. धुरंधर 2 – द र‍िवेंज ₹102.55 करोड़ ₹226.60 करोड़
6. टॉक्‍स‍िक ₹101.10 करोड़ ₹137.00 करोड़
7. कल्‍क‍ि 2898AD ₹95.30 करोड़ ₹177.72 करोड़
8. सलार ₹90.70 करोड़ ₹158.12 करोड़
9. आदिपुरुष ₹86.75 करोड़ ₹128.08 करोड़
10. देवरा पार्ट 1 ₹82.50 करोड़ ₹142.02 करोड़
स्वपनल सोनल

लेखक के बारे मेंस्वपनल सोनलस्वपनल सोनल, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में असिस्‍टेंट एडिटर हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास 14 वर्षों का अनुभव है। वह एंटरटेनमेंट एडिटर के तौर पर सिनेमा और सितारों की दुनिया को कवर कर रहे हैं। उनकी विशेष रुचि मनोरंजन के बदलते स्‍वरूप यानी OTT पर वेब सीरीज, फ‍िल्‍म समीक्षा और बॉक्‍स ऑफिस के आंकड़ों में है। इसके अलावा, स्‍वपनल ने अपने करियर में राजनीति, समसामयिक घटनाओं, टेक्‍नोलॉजी और वायरल ट्रेंड्स जैसी बीट पर भी काम किया है। वह बीते 8 साल से NBT (Digital) के साथ जुड़े हुए हैं। उन्‍होंने जयपुर लिटरेचर फेस्‍टव‍िल और प्रवासी भारतीय सम्‍मेलन की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। वे भारतीय जनसंचार संस्‍थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्‍लोमा, और गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी से जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं। उन्‍होंने अंग्रेजी साहित्‍य में स्‍नातक की डिग्री ली है।… और पढ़ें