हॉलीवुड एक्टर रॉबर्ट डाउनी जूनियर के बेटे इंडियो फाल्कनर डाउनी को मिला फिल्म ‘लव इन वीन’ में पहला लीड रोल। विल डी लॉस सैंटोस के निर्देशन में बनने वाली यह फिल्म रयान लियोन के उपन्यास ‘वेस्टिंग टैलेंट’ पर आधारित है। फिल्म की शूटिंग मार्च-अप्रैल 2027 में लॉस एंजिल्स में हो सकती है।

‘लव इन वीन’ में इंडियो डाउनी ‘डेमियन’ नाम का किरदार निभाएंगे, जो अपनी निजी जिंदगी, नशे की लत और रिश्तों से जुड़े संघर्षों का सामना करता है। फिल्म की शूटिंग मार्च और अप्रैल 2027 में लॉस एंजिल्स में शुरू होने वाली है। इस बीच, हर किसी को इंतजार दिसंबर 2026 का है, जब इंडियो के पिता रॉबर्ट डाउनी जूनियर ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में डॉक्टर विक्टर डूम बनकर गदर मचाएंगे।
इंडियो डाउनी को मिला पहला लीड रोल
इंडियो डाउनी एक म्यूजिशियन हैं और इससे पहले भी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। उनके पिछले कामों में ‘किस किस बैंग बैंग’ शामिल है, जिसमें उनके पिता रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने भी काम किया था। हालांकि, ‘लव इन वीन’ उनके करियर के लिए खास है, क्योंकि इसमें वह पहली बार किसी फीचर फिल्म में लीड रोल निभाएंगे। इंडियो फिल्म में इंडियो डेमियन का किरदार निभाएंगे। यह किरदार नशे की लत और निजी रिश्तों की उलझनों से जूझते हुए लॉस एंजिल्स में अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाने की कोशिश करता है। इस फिल्म के जरिए इंडियो को एक लीड एक्टर के रूप में अपनी एक्टिंग दिखाने का मौका मिलेगा।
‘लव इन वीन’ में नशे की लत और रिश्तों की कहानी
‘डेडलाइन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘लव इन वीन’ की कहानी लॉस एंजिल्स में रहने वाले डेमियन के इर्द-गिर्द घूमती है। वह नशे की लत, प्यार और खुद को नुकसान पहुंचाने वाले व्यवहार से जूझ रहा है। इन चुनौतियों के बीच वह अपनी जिंदगी को संभालने और रिश्तों को समझने की कोशिश करता है। फिल्म की कहानी इंसानी भावनाओं और निजी संघर्षों को करीब से दिखाएगी। विल डी लॉस सैंटोस ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसके डायरेक्शन की जिम्मेदारी भी संभाली है। फिलहाल फिल्म के अन्य किरदारों के लिए कलाकारों को चुना जा रहा है।
रयान लियोन के नॉवल पर आधारित है फिल्म
‘लव इन वीन’ के जरिए दिवंगत लेखक रयान लियोन के उपन्यास ‘वेस्टिंग टैलेंट’ की कहानी बड़े पर्दे पर लाई जाएगी। यह नॉवल लॉस एंजिल्स के बैकग्राउंड में नशे की लत, रिश्तों और जिंदगी की जटिलताओं को दिखाता है। फिल्म के डायरेक्टर विल डी लॉस सैंटोस इस कहानी की मूल भावना और बेबाक अंदाज को बरकरार रखना चाहते हैं। ‘डेडलाइन’ से बातचीत में निर्देशक ने कहा कि रयान अपने पीछे नशे की लत, प्यार और लॉस एंजिल्स पर आधारित एक बेहद ईमानदार उपन्यास छोड़ गए हैं। उनके निधन के बाद इस फिल्म को बनाना उनके लिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है। वह चाहते हैं कि किताब की आवाज और उसकी सच्चाई को बिना कमजोर किए पर्दे पर उतारा जाए।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर के साथ काम कर चुके प्रोड्यूसर बनाएंगे फिल्म
‘लव इन वीन’ से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह भी है कि इसके प्रोड्यूसर क्रिस हैनली पहले रॉबर्ट डाउनी जूनियर के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 1997 में आई फिल्म ‘टू गर्ल्स एंड अ गाइ’ को प्रोड्यूस किया था, जिसमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर मुख्य भूमिका में थे। अब कई साल बाद वह उनके बेटे इंडियो डाउनी के साथ काम करने जा रहे हैं। क्रिस हैनली ने इंडियो की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस किरदार के लिए जरूरी संवेदनशीलता और प्रामाणिकता लेकर आते हैं।
‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में डॉक्टर डूम बनेंगे रॉबर्ट डाउनी जूनियर
रॉबर्ट डाउनी जूनियर मार्वल की आगामी फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में एक नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह विक्टर वॉन डूम यानी डॉक्टर डूम का किरदार निभाएंगे, जो कहानी के मेन विलन में से एक है। फिल्म को लेकर मार्वल के फैंस के बीच एक्साइटमेंट बनी हुई है। ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की रिलीज 18 दिसंबर 2026 को कनफर्म है। ऐसे में जहां रॉबर्ट डाउनी जूनियर मार्वल की दुनिया में अपनी नई भूमिका को लेकर चर्चा में हैं, वहीं उनके बेटे इंडियो डाउनी ‘लव इन वीन’ में अपने पहले लीड रोल के साथ अभिनय करियर में एक नया कदम बढ़ाने जा रहे हैं।

